Breaking News

देश / पीएम मोदी ने 100वीं किसान रेल को दिखाई हरी झंडी, कहा- कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए काम करते रहेंगे

पीएम मोदी ने 100वीं किसान रेल को दिखाई हरी झंडी, कहा- कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए काम करते रहेंगे
Rajsamand today December 28, 2020 07:24 PM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए महाराष्ट्र के संगोला से पश्चिम बंगाल के शालीमार तक चलने वाली 100वीं किसान रेल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक इस रेल गाड़ी में कई तरह के फल एवं सब्जियों को लादकर भेजा जा रहा है। इसमें फूलगोभी, बंद गोभी, शिमला मिर्च, मिर्च और प्याज के अलावा अंगूर, संतरा, केला, अनार और अन्य फल लादे गए हैं।

किसान रेल को हरी झंडी दिखाने के बाद पीएम मोदी ने कहा कि हम किसानों, कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा और शक्ति के साथ काम करते रहेंगे। किसान रेल ने छोटे और सीमांत किसानों को मजबूत बनाने का काम किया है, जिनकी हिस्सेदारी कृषक समुदाय में करीब 80 प्रतिशत है।

बयान के मुताबिक रेलगाड़ी जिन स्टेशनों पर रुकेगी, वहां सभी तरह की कृषि उपज को चढ़ाने-उतारने की सुविधा होगी और इसके जरिए सामान भेजने के लिए मात्रा की कोई शर्त नहीं है। पहली किसान रेल की शुरुआत सात अगस्त को महाराष्ट्र के देवलाली से बिहार के दानापुर तक की गई थी, जिसे बाद में मुजफ्फरपुर तक बढ़ाया गया। 

किसानों की अच्छी प्रतिक्रिया मिलने के बाद इसके फेरों की संख्या सप्ताह में एक दिन से बढ़ाकर सप्ताह में तीन दिन कर दी गई। बयान के मुताबिक, किसान रेल ने देश भर में कृषि उपज का तेजी से परिवहन सुनिश्चित करने में बड़ी भूमिका निभाई है। इसने कृषि उपज के लिए निर्बाध आपूर्ति श्रृंखला मुहैया कराई है।

RELATED NEWS