PM Narendra Modi Lata Deenanath Mangeshkar Award: मंगेशकर परिवार और मास्टर दीनानाथ मंगेशकर स्मृति प्रतिष्ठान चैरिटेबल ट्रस्ट ने एक बयान में कहा था कि उन्होंने लता मंगेशकर के सम्मान और स्मृति में इस वर्ष से पुरस्कार की शुरुआत करने का निर्णय लिया है, जिनका फरवरी में 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया था.
मुंबई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रविवार को यहां आयोजित एक कार्यक्रम में प्रथम लता दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार से सम्मानित किया गया. इस दौरान मंगेशकर परिवार के सदस्य मौजूद थे. 24 अप्रैल को लता मंगेशकर के पिता मास्टर दीनानाथ मंगेशकर की 80वीं पुण्यतिथि भी है. पीएम मोदी के अलावा दिग्गज अभिनेत्री आशा पारेख और जैकी श्रॉफ को ”सिनेमा के क्षेत्र में समर्पित सेवाओं” के लिए मास्टर दीनानाथ पुरस्कार (विशेष सम्मान) प्रदान किया गया. इसके अतिरिक्त राहुल देशपांडे को भारतीय संगीत के लिए मास्टर दीनानाथ पुरस्कार, जबकि सर्वश्रेष्ठ नाटक का पुरस्कार ”संजय छाया” नाटक को दिया गया.
मंगेशकर परिवार और मास्टर दीनानाथ मंगेशकर स्मृति प्रतिष्ठान चैरिटेबल ट्रस्ट ने एक बयान में कहा था कि उन्होंने लता मंगेशकर के सम्मान और स्मृति में इस वर्ष से पुरस्कार की शुरुआत करने का निर्णय लिया है, जिनका फरवरी में 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया था. प्रधानमंत्री मोदी मुंबई में महान गायिका के अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे, जिन्हें वे अपनी बड़ी बहन मानते थे.

