मेड़ता और डेगाना में जन आक्रोश जनसभा को किया संबोधित
राज्य की कांग्रेस सरकार पर लगाई आरोपों की झड़ी
राजसमंद। सांसद दीया कुमारी ने कहा की गौरवशाली राजस्थान प्रदेश की गरिमा को कलंकित करने में कांग्रेस सरकार के जंगलराज, कुशासन और भ्रष्टाचार ने कोई कसर नहीं छोड़ी है। महिला, दलित, किसान, युवा और प्रदेश की जनता सभी परेशान है और यह जन आक्रोश उसी का परिणाम है।

मेड़ता में जन आक्रोश आमसभा को संबोधित करते हुए भाजपा की प्रदेश महामंत्री और सांसद दीया कुमारी ने कहा की राजस्थान वीरों और वीरांगनाओं की भूमि है। यह मीरा, पन्ना और पद्मनी की भूमि है लेकिन शर्म की बात है की इस भूमि पर अब महिला ही सुरक्षित नहीं है। बेटियों का तो घर से निकलना ही दुभर हो गया है।
मेड़ता में जन आक्रोश जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद दीया ने कहा की जन आक्रोश यात्रा से कांग्रेस घबरा रही है। अब तक सभी विधान सभा क्षेत्रों में 200 रथों के माध्यम से 94 हजार किलोमीटर की यात्रा की गई। 50,367 चौपाल व नुक्कड सभाओं का आयोजन किया गया। 82 लाख 75 हजार से ज्यादा लोग इस यात्रा के माध्यम से जुडे। लगभग 3 लाख ऑनलाइन समस्याएं प्राप्त हुई तथा लगभग 11 लाख 87 हजार शिकायतें शिकायत पेटिका में प्राप्त हुई।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री सी आर चौधरी, विधायक व जिलाध्यक्ष मोहनराम चौधरी, पुखराज पहाड़िया, लक्ष्मी नारायण मुंडेर, उगमा देवी, रामप्रताप बग्गड़, पूर्व विधायक सुखराम नेतडिया सहित कई कार्यकर्ता जनप्रतिनिधि और आमजन भी मौजूद थे।

डेगाना के चिल्ड्रन पार्क में जन आक्रोश जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद दीया ने कहा की यह कांग्रेस सरकार के लिए शर्म की बात है कि दुष्कर्म, दलित अत्याचार, साईबर क्राईम, बिजली, पेट्रोल व डीजल की कीमतों में वृद्धि, पेपर लीक व बेरोजगारी में प्रथम तो महिला अपराध में राजस्थान देश में दूसरे नम्बर पर है।
सांसद दीया ने राज्य सरकार पर आरोपों की झड़ी लगाते हुए कहा की पिछले चार साल में राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ अपराध दोगुना हो चुके हैं, 27 हजार से ज्यादा दुष्कर्म हुए और कम से कम 17 बेटियों के साथ प्रतिदिन दुष्कर्म हो रहा है। प्रदेश में चाहे अस्पताल हो, एम्बूलैंस हो, स्कूल-कॉलेज हो, पुलिस थाना हो या फिर कोई भी स्थान महिलाएं कहीं भी सुरक्षित नहीं है। सदन में सरकार के मंत्रियों द्वारा महिलाओं के साथ हुए दुष्कर्म के मामलों पर गलत बयानबाजी करना दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रदेश में कानून व्यवस्था समाप्त हो चुकी है और सरकार की उल्टी गिनती शुरू चुकी है। वहीं कर्जा माफ करने का वादा सरकार भूल गई पिछले 3 साल में कर्ज नहीं चुकाने पर 18 हजार से ज्यादा किसानों को जमीनों को नीलाम किया गया। उनकी फसल का उन्हें सही मूल्य नहीं मिल रहा। बेरोजगार युवकों को रोजगार व बेरोजगारी भत्ते के झूठे वादे किये गये, भर्ती परीक्षाएं माफियाओं के चुंगल में फंसी है। कुर्सी की खींचतान में व्यस्त कांग्रेस सरकार नेे जनता को भगवान भरोसे छोड़ दिया है। जिसका जवाब प्रदेश की जनता 2023 के चुनावों में कांग्रेस सरकार को देगी।
इस अवसर पर मोहन राम चौधरी जिला अध्यक्ष भाजपा नागौर, पुखराज पहाड़िया जिला संगठन प्रभारी लक्ष्मीनारायण मुंडेल जिला संयोजक जन आक्रोश यात्रा, अजय सिंह किलक पूर्व मंत्री राजस्थान सरकार, जसवंत सिंह थाटा प्रधान भेरूंदा, महेश दिवाकर मंडल अध्यक्ष डेगाना, वरिष्ठ कार्यकर्ता समस्त जिला पदाधिकारी समस्त मंडल अध्यक्ष पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

