जयपुर. जयपुर की चारदीवार में बुधवार को 13 नए कोरोना पॉजिटिव (Ramganj Corona positive) की खबर ने गांवों के लोगों के कान खड़े कर दिए हैं। जहां लोग इस बीमारी को गंभीर नहीं ले रहे थे वहीं अब लोग पूरी तरह सक्रिय हो गए हैं। ग्रामीण अब अपने स्तर पर या भामाशाहों के सहयोग से सार्वजनिक स्थलों और रास्तों को सेनेटाइज (Sanitize) करने का काम किया जा रहा है। ग्रामीणों ने जगह-जगह नाके लगाकर गांव वालों की ड्यूटी लगा दी। ऐसे में बाहर लोगों के प्रवेश पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी।
जयपुर जिले के जोबनेर इलाके स्थित मुरलीपुरा गांव में कोरोना महामारी का फैलाव रोकने के लिए ग्रामीणों ने ग्राम के मुख्य मार्गों पर बेरिकेड्स (Barricades) लगाकर बाहरी लोगों का प्रवेश बंद (Outsiders closed) कर दिया है। इसके लिए गांव के युवा दिन भर आने जाने वालों की चौकसी कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अब शहरों में कोरोना कहर बरपा रहा है लेकिन अब इसे गांवों में नहीं घुसने देंगे।
नहीं देंगे प्रवेश, कर रहे जागरूक
ग्रामीण भंवर कलानिया, लक्ष्मण रोलानिया, समाजसेवी गोपाल घासल, शिवराम जीतरवाल, मदन लाल मीणा आदि ने बताया कि जयपुर के रामगंज में एक दिन में 13 कोरोना पॉजिटिव सामने आ गए हैं। लेकिन अब यह गति नहीं रुकी तो गांवों तक भी बीमारी फैल जाएगी। इसलिए जल्द ही इसे काबू करना होगा। स्थानीय खेमराज झाझडा ने बताया कि इसके लिए गांव में नाका लगाया गया है। दूसरे इलाके के किसी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। इसलिए ग्रामीणों ने ग्राम के मुख्य मार्गों पर नाकाबंदी कर दी है। साथ ही ग्रामीणों को इस महामारी से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है। वहीं आसपास के इलाकों में लोग भामाशाहों व स्थानीय स्तर पर सेनेटाइजर कर रहे हैं।

