Breaking News

राजस्थान / अब खिलाड़ीलाल बैरवा और गिर्राज मलिंगा ने जताई नाराजगी, कांग्रेस पर लगाया बड़ा आरोप

अब खिलाड़ीलाल बैरवा और गिर्राज मलिंगा ने जताई नाराजगी, कांग्रेस पर लगाया बड़ा आरोप
Rajsamand today June 04, 2022 08:53 PM IST

जयपुर. राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही है. एक के बाद एक विधायक अपनी नाराजगी जाहिर कर रहै हैं. अब विधायक खिलाड़ीलाल बैरवा और गिर्राज मलिंगा ने अपनी नाराजगी जाहिर की है. दोनों ही विधायक अभी उदयपुर बाड़ेबंदी में भी नहीं पहुंचे हैं. एईएन से मारपीट के मामले में पिछले दिनों जेल जाने वाले विधायक गिर्राज मलिंगा ने तो बसपा की शान में कसीदे तक पढ़े हैं. मलिंगा ने अपना गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि सरकार बचाने के वक्त हम बाड़ेबंदी में रहे जिसका इनाम अब मिल रहा है. उनका कहना है कि सभी जांचो में यह साबित भी हो गया है, लेकिन मुझे मुख्यमंत्री ने सरेंडर करवाया और जेल भिजवाया.

गिर्राज मलिंगा का कहना है कि कोर्ट पर भरोसा है कि न्याय मिलेगा. उन्होंने कहा कि मुझे कांग्रेस ने नहीं बसपा ने नेता बनाया है. कांग्रेस के साथ मैने कोई फेरे नहीं लिए कि हमेशा के लिए बंध गए हों. गौरतलब है कि गिर्राज मलिंगा पूर्व में बहुजन समाज पार्टी से विधायक रह चुके हैं.

किसी के गुलाम नहीं, पार्टी के वफादार सिपाही हैं- खिलाड़ीलाल बैरवा 

उधर बाड़ेबंदी में शामिल नहीं होने के सवाल पर खिलाड़ीलाल बैरवा ने कहा कि नाराजगी किसी बात को लेकर नहीं, लेकिन पीड़ा होती है. बाड़ेबंदी के समय हमसे जो वादे किए गए थे वह पूरे नहीं हुए. उस समय कहा गया था कि कोई भी विधायक केवल विधायक नहीं रहेगा, लेकिन जब मंत्रिमंडल विस्तार हुआ तो उन्हीं मंत्रियों को प्रमोट किया गया जो पहले से ही मंत्री थे. यह हमारे साथ न्याय नहीं हुआ. बैरवा ने कहा कि यह पीड़ा मेरी अकेले की नहीं बल्कि सभी विधायकों की है.  लेकिन कोई बोल पाता है और कोई नहीं बोल पाता.

खिलाड़ीलाल बैरवा ने कहा कि हम किसी के गुलाम नहीं है. पार्टी के वफादार सिपाही है और हमारा भी सम्मान होना चाहिए. एससी आयोग अध्यक्ष पद की भी जिम्मेदारी संभाल रहे खिलाड़ीलाल बैरवा ने कहा कि मैंने सभी 33 जिलों के दौरे किए हैं. एससी की जमीनों पर कब्जे हो रखे हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं करना चाहता. उन्होंने कहा कि बाड़ेबंदी में जाएं या ना जाएं लेकिन वोट कांग्रेस को ही देंगे. गौरतलब है कि खिलाड़ीलाल बैरवा को कैबिनेट मंत्री बनाए जाने की उम्मीद थी.

 

RELATED NEWS