Breaking News

राजस्थान / Rajasthan: राजसमंद से BJP विधायक किरण माहेश्वरी का कोरोना से निधन, मेदांता अस्पताल में ली अंतिम सांस

Rajasthan: राजसमंद से BJP विधायक किरण माहेश्वरी का कोरोना से निधन, मेदांता अस्पताल में ली अंतिम सांस
Rajsamand today November 30, 2020 08:28 AM IST

राजस्थान में बेलगाम हो रहा कोरोना संक्रमण (COVID-19) प्रदेश के एक और विधायक को लील गया. पूर्व मंत्री एवं बीजेपी की वरिष्ठ विधायक किरण माहेश्वरी (Kiran Maheshwari ) का रविवार रात को कोरोना के कारण निधन हो गया.

जयपुर. राजस्थान में बेलगाम हो रहे कोरोना संक्रमण (COVID-19) प्रदेश के एक और विधायक को लील गया. पूर्व मंत्री एवं बीजेपी की वरिष्ठ विधायक किरण माहेश्वरी (Kiran Maheshwari ) का रविवार रात को कोरोना के कारण निधन हो गया. माहेश्वरी ने सोमवार तड़के हरियाणा के गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल (Medanta Hospital) में अंतिम सांस ली. माहेश्वरी प्रदेश की दूसरी विधायक हैं जिनका निधन कोरोना के कारण हुआ है.

 

इससे पहले भीलवाड़ा के सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक कैलाश त्रिवेदी का कोरोना के कारण निधन हो गया था. माहेश्वरी के निधन पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला समेत बीजेपी-कांग्रेस के कई नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है.

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विधायक किरण माहेश्वरी के निधन पर शोक जताया है. बिरला ने अपने ट्वीट में कहा कि '' बहन किरण जी का निधन बेहद दुखद है. उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज की सेवा और हितों को संरक्षित करने के लिए समर्पित किया. मेरे लिए उनका निधन व्यक्तिगत क्षति है. ईश्वर दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें. परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं. किरण जी के साथ राजनीतिक-सामाजिक जीवन में लंबे अरसे तक काम किया. सामाजिक विषयों विशेषतः महिलाओं व वंचित वर्गों के अधिकारों की वे सशक्त आवाज थीं. दीन-दुखियों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहने वाली किरण जी को उनकी निर्भीकता व स्पष्टवादिता के लिए सदैव याद किया जाएगा''.

नगर निगम चुनाव में कोरोना से संक्रमित हुई थी

विधायक माहेश्वरी नगर निगम चुनाव के दौरान अक्टूबर माह में कोटा में कोरोना से संक्रमित हुई थीं. वे बीजेपी की कोटा उत्तर नगर निगम की चुनाव प्रभारी थी. माहेश्वरी के निधन के बाद अब प्रदेश में विधायकों के तीन पद रिक्त हो गये हैं. इससे पहले सहाड़ा से कांग्रेस विधायक कैलाश त्रिवेदी का कोरोना के कारण निधन हो गया था. वहीं उसके बाद हाल में गहलोत कैबिनेट के वरिष्ठ मंत्री भंवरलाल मेघवाल का लंबी बीमारी के बाद मेदांता अस्पताल में निधन हो गया था. मेघवाल चूरू जिले की सुजानगढ़ विधानसभा क्षेत्र से विधायक थे.

RELATED NEWS