Breaking News

राजस्थान / राज्य सरकार विकास के मोर्चे पर विफल दुष्कर्म और भ्रष्टाचार में अव्वल- सांसद दीयाकुमारी

राज्य सरकार विकास के मोर्चे पर विफल दुष्कर्म और भ्रष्टाचार में अव्वल- सांसद दीयाकुमारी
Rajsamand today June 07, 2022 09:52 PM IST
 
अजमेर में जनआक्रोश रैली को किया सम्बोधित 
 
राजसमन्द। जनआक्रोश रैली को सम्बोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री और सांसद दीयाकुमारी ने कहा कि राजस्थान महिला सम्मान के लिए जाना जाता था लेकिन अब महिला अत्याचार व दुष्कर्म के मामले में अव्वल स्थान पर है, आदिवासी अत्याचार में दूसरे तथा दलित अत्याचार में तीसरे स्थान पर है यह प्रदेश के गौरव एवं स्वाभिमान के खिलाफ और शर्मनाक है।
 
भाजपा अजमेर द्वारा राज्य की कांग्रेस सरकार के खिलाफ आयोजित जनआक्रोश रैली को सम्बोधित करते हुए सांसद दीयाकुमारी ने कहा कि राज्य में इस तरह की परिस्थितियां क्यों उत्पन्न हुई, यह गम्भीर चिंता का विषय है। एक तरफ पीएम मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ रहा है वहीं राजस्थान में कांग्रेस सरकार के चार साल पूर्ण होने के बाद भी ऐसी कोई उपलब्धि नहीं है। कांग्रेस ने सिर्फ केन्द्र की योजनाओं का नाम बदलकर श्रेय लेने का काम किया है।
 
सांसद दीया ने कांग्रेस को हकीकत का आइना दिखाते हुए कहा कि राज्य कांग्रेस के विधायक व नेताओं के परिजन भी कई आपराधिक मामलों में लिप्त पाए गए  दुष्कर्म की घटना हो या उदयपुर, भीलवाड़ा, चित्तौडगढ राजसमंद, दौसा या आमेर की घटना हो, पूरे प्रदेश में महिलाओं पर हो रहे अत्याचार की घटनाएं दुखद है। प्रदेश में लूट, अपहरण, डकैती और दहेज हत्या बढ़ना आम बात हो गई है। इसकी पूरी जिम्मेदारी मुख्यमंत्री की है क्योंकि मुख्यमंत्री राज्य के गृहमंत्री भी है। माफियाओं के हौंसले बुलंद है, राज्य में तुष्टिकरण की नीतियों चरम पर है। सीएम के गृह जिले जोधपुर की बात हो या करौली की घटना, गौशाला पर बुलडोजर की घटना हो या सालासर में राम मूर्ति दरबार का द्वार गिराने की घटना हो। सब तुष्टिकरण की नीतियों से ही प्रेरित है। 
 
आक्रोश व्यक्त करते सांसद दीयाकुमारी ने कहा कि राज्य में पेपर लीक होना आम बात है। रीट पटवारी परीक्षा हो या अन्य, सभी में कुछ न कुछ फर्जीवाड़ा सामने आया है। बाड़ेबंदी पर कटाक्ष करते हुए सांसद ने कहा कि कांग्रेस आपसी कलह का शिकार है, जनता त्रस्त और कांग्रेस सरकार होटलों में मस्त है। लोग न्याय के लिए भटक रहे हैं।
राज्य में पानी, बिजली, रोजगार सभी का
अभाव है। सभी मोर्चों पर सरकार विफल रही है। राजस्थान में भाजपा शासित राज्यो की तुलना में पेट्रोल, डीजल की दरें ज्यादा है। महंगाई लगातार बढ रही है। सिर्फ झूठी योजनाएं दिखाकर भ्रम पैदा किया जा रहा है धरातल पर कोई विकास नजर नहीं आ रहा है। ऐसी कांग्रेस सरकार को सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है। जनाक्रोश के माध्यम से कांग्रेस को समझ जाना चाहिए कि उसकी उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। 
 
जन आक्रोश रैली के दौरान जिला कलेक्टर को ज्ञापन दिया गया। इस अवसर पर अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी, अजमेर देहात जिलाध्यक्ष देवीशंकर भूतड़ा, प्रदेश मंत्री वंदना नोगिया, ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश भडाणा, महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री सरिता गैना पूर्व जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद सारस्वत, पूर्व जिला प्रमुख पुखराज पहाड़िया, जिला महामंत्री जीतमल प्रजापत पवन जैन रायचंद बागड़ी, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष मदन गोरा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।

RELATED NEWS