राजसमन्द, 14 मई । राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष एवं नाथद्वारा विधायक डॉ. सी.पी. जोशी वैश्विक महामारी कोरोना कोविड -19 की रोकथाम के लिये घोषित किये लॉकडाउन के मद्देनजर जनता से जुड़े रहने के लिये अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग कर वीडियो कॉलिंग के माध्यम से जनता से सीधा संवाद किया।
डॉ. सी.पी. जोशी ने गुरुवार को नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र के घोड़च एवं नेडच ग्राम पंचायत के नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर हालात जाने।
डॉ. जोशी ने घोड़च सरपंच देवीलाल खटीक, उपसरपंच भगवत सिंह, जगदीश जोशी उमाकांत शर्मा, फतहलाल गमेती से वीडियो कॉलिंग से बात कर हाल चाल जाने तथा ग्राम विकास अधिकारी रघुवीर सिंह से पंचायत में नरेगा में नियोजित श्रमिकों, खाद्य सुरक्षा प्राप्त परिवार, लॉकडाउन के दौरान भामाशाह द्वारा प्रदान की गई सहायता एवं राज्य सरकार द्वारा प्रदान की गई आर्थिक सहायता की जानकारी ली तथा विधायक निधि से दिए जा रहे खाद्य सामग्री प्राप्त करने वाले परिवारों के सदस्यों से भी बात कर और मदद करने के लिये आश्वस्त किया एवं विधायक निधि से उपलब्ध कराए गए खाद्य सामग्री के 240 किट ग्राम पंचायत नेडच एवं घोड़च में 578 किट वितरित किये।
विश्वास संस्थान के निदेशक शेखर कुमार ने बताया कि विधायक डॉ. जोशी ने वैश्विक महामारी कोरोना की रोकथाम के लिये राज्य सरकार द्वारा घोषित लॉकडाउन में विधानसभा क्षेत्र की जनता से संवाद करने के लिये विधायक संवाद कार्यक्रम किया जा रहा है, जिसके तहत नाथद्वारा विधान सभा क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायत के सरपंच, वार्डपंच, ग्राम विकास अधिकारी, कार्यकर्ता तथा नागरिकों से बात कर समस्याओं के समाधान के लिये प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत करवाया जा रहा है।
इस अवसर पर नेडच ग्राम पंचायत में सरपंच लीला गमेती, उपसरपंच भँवर रेबारी, कार्यकर्ता अनिल श्रीमाली, वार्ड पंच किशन गमेती, करण सिंह राठौड़, लाभार्थी नानूराम गमेती, भग्गा गमेती से बात कर जानकारी ली तथा ग्राम विकास अधिकारी राम सिंह से विभिन्न योजनाओं एवं कोविड राहत सहायता पर चर्चा की।

