राजसमन्द 21 अप्रेल/ भीम विधायक सुदर्शन सिंह रावत ने कहा है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा इस वैश्विक महामारी में लॉकडाउन के चलते गरीब, असहाय व दिहाड़ी मजूदर वर्ग के परिवारों की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए उनके भरण-पोषण के लिए उन्हें राशन सामग्री वितरण के साथ-साथ नकद सहायता प्रदान कर रही है जिससे ऎसे परिवारों को आर्थिक सम्बल मिला है।
राजसमन्द विधानसभा क्षेत्र के लिए 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता
भीम विधायक ने अपने विधायक फण्ड से राजसमन्द विधानसभा क्षेत्र के गरीब, असहाय तथा जरूरतमंद व्यक्तियों की इस संकट की घड़ी में सहायता के लिए तथा जिले के कोरोना अस्पताल आर.के. राजकीय चिकित्सालय में मरीजों को खाद्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। इस अवसर पर समाजसेवी नारायण सिंह भाटी, हरिसिंह राठौड़ तथा शांतिलाल कोठारी उपस्थित थे।
एक करोड़ रुपये की स्वीकृति से हर पात्र व्यक्ति को मिलेगा लाभ
भीम विधायक सुदर्शन सिंह रावत ने बताया कि विधायक निधि मद से एक करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की जा चुकी है जिससे क्षेत्र के हर पात्र व्यक्ति को हरसंभव मदद उसके घर तक पहुंचायी जा रही है। खाद्य सुरक्षा योजना के तहत भीम-देवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के 64 हजार परिवारों को 10 किलो गेंहूँ प्रति व्यक्ति के हिसाब से निःशुल्क प्रदान किया जा रहा है। इसके अलावा तेल, दाल, चीनी, नमक, हल्दी, मिर्ची व धनिया के पैकेट तैयार कर प्रत्येक गरीब के घर राशन सामग्री का वितरण किया जा रहा है।
योजनाओं का लाभ समय पर मिलने से लोगों को राहत
उन्होंने बताया कि सामाजिक सुरक्षा से जुड़े भीम-देवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के 44 हजार परिवारों को विधवा, विकलांग व वृद्धा पेंशनरों के खाते में फरवरी व मार्च माह की पेंशन का भुगतान किया जा चुका है। भीम-देवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के 2333 पालनहारों के 4379 बालक-बालिकाओं के मार्च 2020 तक का एक करोड़ 58 लाख 39 हजार रुपये की राशि का भुगतान किया गया है। भीम-देवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के 23 हजार बीपीएल एवं पंजीकृत श्रमिकाेंं के परिवारों को 2500-2500 रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई है। जिससे संकट की घड़ी में उन्हें आर्थिक सम्बल प्राप्त हुआ है।
भीम विधायक ने बताया कि जिन गरीब, असहाय व दिहाड़ी मजदूरों को सहायता नहीं मिली है, उनको भी सूचीबद्ध किया जाकर उन्हें राशन सामग्री सहित आर्थिक सहायता दी जा रही है।

