Breaking News

राजसमन्द / पीएम मोदी के 'हर घर तिरंगा' अभियान से जुड़कर अमृत महोत्सव मनाएं- सांसद दीया कुमारी

पीएम मोदी के 'हर घर तिरंगा' अभियान से जुड़कर अमृत महोत्सव मनाएं-  सांसद दीया कुमारी
Rajsamand today August 03, 2022 08:52 PM IST
 
आजादी के 75वें वर्ष के अवसर पर हर घर तिरंगा फहराने की अपील 
 
राजसमन्द। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में 'हर घर तिरंगा' अभियान की घोषणा की है, जो घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और सोशल मीडिया पर इसकी फोटो लगाने का एक जन आंदोलन है। इस संबंध में, सांसद दीया कुमारी ने सभी नागरिकों से ब्रिटिश शासन से भारत की आजादी के 75वें वर्ष के जश्न के तौर पर अपनी छतों पर 'तिरंगा' फहराकर या सोशल मीडिया पर तिरंगे के साथ अपनी फोटो लगाकर 'हर घर तिरंगा' अभियान को गति देने की अपील की है।
 
हर घर तिरंगा कार्यक्रम की राजस्थान प्रभारी सांसद दीयाकुमारी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से 'तिरंगा' की खरीद के लिए जनता के बीच जागरूकता उत्पन्न करने और इस अभियान को सफलतापूर्वक शुरू करने की तैयारी करने का भी आग्रह किया।
 
सांसद दीया कुमारी ने कहा कि 'हर घर तिरंगा’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया बहुत बड़ा अभियान है। 'आज़ादी के अमृत महोत्सव' के तत्वावधान में इस अभियान के तहत यह परिकल्पना की गई है कि 13 अगस्त से 15 अगस्त तक देश के नागरिक एकजुट होकर छतों पर गर्व के साथ अपने देश का झंडा फहराएं या इससे अपने घरों को सजाएं। तिरंगे को डिजाइन करने वाले पिंगली वेंकैया की जयंती पर 2 से 5 अगस्त तक सोशल मीडिया की डीपी को बदलकर इस आंदोलन को डिजिटल तरीके से आगे बढ़ाएं।
 
सांसद ने कहा कि भारत एक गौरवशाली और ऐतिहासिक क्षण का गवाह बनने के लिए तैयार है, क्योंकि देश आजादी के 75 वर्ष पूरे कर रहा है। इस महत्वपूर्ण अवसर पर देशभर में सभी क्षेत्रों और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग स्वतंत्रता दिवस मनाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं। इस अभियान से जुड़कर हम स्वतंत्रता सेनानियों की वीरता का सम्मान करेंगे। राष्ट्र की सेवा के लिए खुद को समर्पित करेंगे और देश के प्रति अपनी निष्ठा का पालन करेंगे।

RELATED NEWS