राजसमन्द 8 मई/ जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी निमिषा गुप्ता ने शुक्रवार को खमनोर पंचायत समिति की विभिन्न ग्राम पंचायतों में चल रहे मनरेगा कार्यांे का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेट को मनरेगा कार्यों के संपादन के दौरान कोरोना महामारी से बचाव के सभी उपाय यथा सोशल डिस्टेंस कायम रखना, नियमित अन्तराल में हाथ धोना, हैण्ड सेनिटाईजेशन की उपलब्धता आदि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने खमनोर क्षेत्र के बिलोता, उपली ओडन में चल रहे मनरेगा कार्यांे सहित नेशनल हाईवे पर जिले की उदयपुर सीमा पर बनी चेक पोस्ट का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्हांेने दूसरे राज्य तथा जिले से राजसमन्द जिले में प्रवेश करने वाले प्रवासियों की स्वास्थ्य जांच करने सहित उन्हें नियमानुसार क्वारंटाईन के लिए की जा रही व्यवस्थाओं को देखा तथा ड्यूटी कर रहे कार्मिकों को व्यवस्थाओं में बेहतरी लाने के निर्देश दिए।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बिलोता ग्राम पंचायत के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बने क्वारंटाईन सेंटर का अवलोकन किया तथा वहां पर प्रवासियों के लिए की जा रही चाय, नाश्ता, भोजन सहित विविध व्यवस्थाओं के साथ बीमारी से बचाव के उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश वहां पर उपस्थित अध्यापकों को दिए।

