राजसमंद के फियावड़ी स्थित श्रीमंगरी श्याम भेरुनाथ मंदिर में 10 दिवसीय भागवत कथा का समापन
राजसमंद। जिले के फियावड़ी स्थित श्रीमंगरी श्याम भेरुनाथ मंदिर में आयोजित 10 दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव का धार्मिक उल्लास के साथ समापन हुआ। कथा के दौरान प्रसिद्ध कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने मीडिया से विशेष बातचीत करते हुए कहा कि सनातन संस्कृति के व्यापक प्रचार-प्रसार से भारत हिंदू राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर है और यह समय की आवश्यकता भी है।उन्होंने कहा कि संत समाज, सनातन धर्म से जुड़े संगठन और धर्मनिष्ठ नागरिक निरंतर प्रयासरत हैं, लेकिन अब युवाओं को आगे बढ़कर सनातन संस्कृति को अपनाना और उसका संरक्षण करना होगा। ठाकुर ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में युवाओं का रुझान पाश्चात्य संस्कृति से हटकर भारतीय संस्कृति की ओर बढ़ा है, जो सकारात्मक संकेत है।
जनसहयोग से हुआ भव्य आयोजन
मंदिर के जीर्णोद्धार कार्यक्रम के अवसर पर आयोजित इस महोत्सव में प्रतिदिन भागवत कथा का रसपान कराया गया। साथ ही निरंतर यज्ञ में पूर्णाहुति, सांयकालीन भजन संध्या तथा भोजनशाला का संचालन किया गया। कार्यक्रम पूर्णतः जनसहयोग से आयोजित हुआ, जिसमें आसपास के गांवों सहित दूर-दराज क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु प्रतिदिन उपस्थित होकर कथा श्रवण कर रहे थे।समापन अवसर पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। मंदिर परिसर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर रहा। आयोजन समिति ने सभी भक्तों, सहयोगियों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे धार्मिक आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।

