राजसमन्द 19 मई। जिला कलक्टर अरविन्द कुमार पोसवाल ने मंगलवार को जिला परिषद सभागार में जिले के प्रमुख मार्बल उद्योग से संबद्ध औद्योगिक ईकाईयों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक ली और उनकी समस्याओं को इत्मिनान से सुनकर समाधान के लिए राज्य स्तर पर बात करने की बात कही।
बैठक में मार्बल ऎसोसिएशन, माईन्स ऎसोसिएशन, कटर ऎसोसिएशन, फेल्प्सपार ऎसोसिएशन, गैंगसा ऎसोसिएशन आदि के अध्यक्षों सहित अन्य प्रतिनिधियों ने जिला कलक्टर से अवगत कराया कि उद्योगों को संचालित करने में मजदूरों की व्यवस्थाओं सहित बिजली बिल आदि चुनोतियों का सामना करना पड़ेगा।

जिला कलक्टर ने बैठक मेें स्पष्ट किया कि अगर दूसरे जिले अथवा दूसरे राज्य से कोई श्रमिक या कार्मिक आने का इच्छुक हो तो पास बनाकर आ सकते हैं और पास बनाने की सरल प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी। जिला कलक्टर ने कहा कि प्रशासन की तरफ से उद्योगों के संचालन में सकारात्मक सहयोग रहेगा लेकिन उद्योगों में कार्य संपादन के दौरान एक दुसरे से परस्पर डिस्टेसिंग रखना, मास्क का उपयोग तथा नियमित अन्तराल मेें हाथ धोने और परिसर को सेनिटाईज करने के निर्देशों की पालना करनी होगी।
बैठक में कटर ऎसोसिएशन के अध्यक्ष द्वारा जिला कलक्टर को बताया गया कि विद्युत बिलों के भुगतान में शिथिलता प्रदान की जाए तथा रॉयल्टी व फिक्स चार्ज में भी रियायत दी जाए। इसके अलावा गैंगसा ऎसोसिएशन के अध्यक्ष द्वारा बताया गया कि कोविड-19 महमारी से प्रभावित उद्योगों को कम दर पर ऋण देने के संबंध में दिशा निर्देश जारी कराएं।
जिला कलक्टर ने इस सम्बध में कहा कि लीड बैंक अधिकारी से बात कर इस समस्या का समाधान किया जाएगा। बैठक में सभी औद्योगिक ईकाईयों के प्रतिनिधियों ने सरकार से मांग की है कि उन्हें ब्याज रहित ऋण देने की सुविधा की जाए। जिला कलक्टर ने इस सम्बध में राज्य सरकार को इस बारें में अवगत कराने की बात कही।
बैठक में जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी निमिषा गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. दिनेश राय सापेला, खनिज विभाग के अधीक्षण अभियंता सहित विभिन्न औद्योगिक ईकाईयों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

