राजसमन्द 29 अप्रेल/ विधानसभा अध्यक्ष एवं नाथद्वारा विधायक डॉ. सी.पी. जोशी की पहल पर वैश्विक महामारी कोरोना (कोविड-19) के संक्रमण की रोकथाम के लिए देश मे लगाए गए लॉक डाउन में नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र की 55 ग्राम पंचायतों की गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार, वांछित दवाइयां तथा पोष्टिक आहार की व्यवस्था विधायक निधि से करने की अनुशंसा डॉ. जोशी के द्वारा की गई है ।
नाथद्वारा विधायक डॉ. सी.पी. जोशी द्वारा संकट की इस घड़ी में चिकित्सा विभाग राजसमन्द एवं अनन्ता चिकित्सा महाविद्यालय के साथ समन्वय कर विधानसभा क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को लाभान्वित किया जाएगा।
इस सम्बन्ध में राजसमन्द जिला कलक्टर अरविंद पोसवाल की अध्यक्षता में जिला कलक्टर कार्यालय में बैठक आयोजित की गई जिसमें मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे. पी. बुनकर, विश्वास संस्थान के निदेशक शेखर कुमार, अनन्ता मेडिकल काॅलेज के नितिन शर्मा ने भाग लिया। विधानसभा क्षेत्र की 55 ग्राम पंचायत में निवासरत गर्भवती महिलाओं की सूची संकलित की जा रही है। बैठक में निर्णय लिया गया कि इन गर्भवती महिलाओं की जांच सरकारी एवं निजी चिकित्सालय में करायी जाएगी तथा उनको घर से लाने एवं जांच उपरांत घर पर छोड़ा जाएगा। इस दौरान प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ साथ रहेगा।
जिला कलक्टर ने बताया कि इस दौरान उपयोग में लिए जाने वाले वाहनों को सेनेटाइज किया जाएगा एवं सामाजिक दूरी तथा स्वास्थ्य विभाग के द्वारा जारी कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिये जारी दिशा निर्देशों का पालन किया जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. जोशी द्वारा क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच तथा उपचार के साथ-साथ दवाइयां तथा पोषाहार भी विधायक विधि से दिए जाने का निर्णय भी लिया गया है जिसमे भुने चने, मूंग, बादाम व फल उपलब्ध कराए जाएंगे। महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण, दवाइयां तथा पोषाहार परिवहन निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा तथा प्रसव होने तक उपचार किया जाएगा एवं संस्थागत प्रसव के लिये उन्हें प्रेरित किया जाएगा। बैठक में जिला कलक्टर अरविंद पोसवाल ने स्वास्थ्य परीक्षण के लिये लायी जाने वाली महिलाओं को मास्क उपलब्ध कराने निर्देश दिए तथा महिलाओं द्वारा फेस मास्क का उपयोग किया जाए इसे भी सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किये।

