राजसमन्द 18 मई/ जिला कलक्टर अरविन्द कुमार पोसवाल ने जिले के सभी उपखण्ड अधिकारियों, विकास अधिकारियों तथा कृषि से संबंधित समस्त अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले में टिड्डी दल के प्रवेश से पहले ही इससे बचाव के सभी उपाय सुनिश्चित करें जिससे कृषकों को टिड्डी दल के कारण होने वाले नुकसान से बचाया जा सके।
जिला कलक्टर सोमवार को विडियो काॅन्फ्रेंस के माध्यम से उपखण्ड अधिकारियों, विकास अधिकारियों तथा कृषि विभागीय अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने उपखण्ड अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पंचायत समितिवार सर्वे तथा निगरानी दलों का गठन किया जाए जिससे टिड्डी दल आने पर वस्तुस्थिति का आकलन कर उससे बचाव के उपायों का प्रबंधन सुनिश्चित किए जा सकें। विडियो काॅन्फ्रेंस में अतिरिक्त जिला कलक्टर राकेश कुमार ने कहा कि अभी से ही कृषि पर्यवेक्षकों को टिड्डी दल पर नियंत्रण के लिए आवश्यक तैयारियां करने के लिए निर्देशित करें ताकि फसलों होने वाले नुकसान को रोका जा सके। इस अवसर पर उप निदेशक कृषि नरेन्द्र सिंह राठौड़ ने इससे बचाव के उपायो के बारे में आवश्यक जानकारी प्रदान की।

