राजसमन्द 23 अप्रैल/ वैश्विक आपदा कोरोना महामारी के कारण देशभर में लागू लॉकडाउन के अन्तर्गत जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. दिनेश राय सापेला ने ब्लॉक स्तरीय समन्वयकों से स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) सहित ग्राम्य विकास पर मोबाईल एप के द्वारा विडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से चर्चा की तथा एक्शन प्लान के अनुसार कार्य में गति लाकर आशातीत परिणाम लाने के निर्देश दिए।
विडियो कॉन्फ्रेंस में उन्होंने जिन घरों में शौचालयों का निर्माण हो चुका है, उन लाभार्थियों को प्रोत्साहन राशि का भुगतान एक्शन प्लान के अनुसार शीघ्र करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त विडियो कॉन्फ्रेंस में डॉ. सापेला ने सामुदायिक शौचालय एवं मॉडल आई.ई.सी. शौचालय की प्रगति एवं उनके भुगतान के संबंध में ब्लॉक समन्वयकों को निर्देश दिए। विडियो कॉन्फ्रेंस में स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक नानालाल सालवी सहित ब्लॉक स्तरीय समन्वयकों ने भाग लिया। मोबाईल एप के माध्यम से विडियो कॉन्फ्रेंस कर अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने सामाजिक दूरी को बनाए रखकर तथा लॉकडाउन नियमों की पालना करते हुए कार्य संपादन करने के तरीके बताए।

