राजसमन्द 1 जून/ अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट राकेश कुमार ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने विभाग में संविदा पर लगे पूर्व सैनिकों को समय पर वेतन का भुगतान करें। उल्लेखनीय है कि पूर्व सैनिक संगठन नीमकाथाना, सीकर द्वारा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंप कर मांग की है कि राज्य भर में संविदा पर कार्य कर रहे पूर्व सैनिकों को समय पर वेतन का भुगतान नहीं किया जाता है जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है।
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा राज्य के समस्त जिला कलक्टर्स को इस संबंध में कहा गया है कि वे अपने जिले के समस्त राजकीय विभागों को निर्देशित करावें कि पूर्व सैनिकों को समय पर भुगतान किया जाए। जिस पर अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट राकेश कुमार ने सभी विभागों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं।

