कारोना महामारी राजसमन्द सतर्क है....
जिले में कोविड-19, कोरोना वायरस महामारी में आवश्यक वस्तुओं जिसमें मास्क, सेनेटाईजर, खाद्य वस्तुओं पर उपलब्धता सामान्य रखने एवं कालाबाजारी रोकने के लिये जिला रसद अधिकारी संदीप माथुर के निर्देशानुसार जिले में 29 व 30 मार्च को निरीक्षण कार्यवाही की गई।जिला रसद अधिकारी ने बताया कि प्रवर्तन निरीक्षक लोकेश जोशी, प्रवर्तन निरीक्षक चक्षु पंड्या, ड्रग कंट्रोलर ऋतु जोशी एवं विधिक बाट माप अधिकारी रामवतार पुनिया द्वारा संयुक्त दल के रूप में जांच की गई।उन्होंने बताया कि जांच के दौरान मै. प्रभात मेडिकल स्टोर, शर्मा मेडिकल स्टोर, शर्मा ड्रग डिस्ट्रीब्यूटर्स, सहकारी उपभोक्ता भण्डार, राजसमन्द एवं तहसील नाथद्वारा में गजानन्द मेडिकल स्टोर, नाथद्वारा शिवम मेडिकल स्टोर एवं सहकारी उपभोक्ता भण्डार, नाथद्वारा की जांच की गई। जांच में अधिकांश दुकानों पर 2प्लाई मास्क, 3प्लाई मास्क एवं सेनेटाईजर अनुपलब्ध थे। जबकि शर्मा ड्रग डिस्ट्रीब्यूटर्स पर पर्याप्त स्टॉक था। उपभोक्ताओं के लिये प्रत्येक मेडिकल दुकानदार को 2प्लाई मास्क 08 रूपये, 3प्लाई मास्क 16 रूपये एवं सेनेटाईजर 100 रूपये (प्रति 200 मिली.) से अधिक दर पर विक्रय नहीं करने के लिये पाबंद किया गया एवं दुकानों के बाहर उक्त सामग्री के सन्दर्भ में दर सूची के पोस्टर भी लगवाये गये।उन्होंने बताया कि तहसील राजसमन्द में मै. श्रीराम किराणा स्टोर, करधर किराणा, हरिओम ट्रेडिंग कम्पनी एवं नीलकंठ किराणा की जांच की गई। जांच में कोई अनियमितता नहीं पाई गई। जबकि ग्राम भाणा में दूरभाश पर शिकायत प्राप्त होने पर मैसर्स त्रिलोक मसाला एवं किराणा स्टोर के विरूद्ध अधिकतम खुदरा मूल्य से अधिक दर पर सामग्री विक्रय करने पर विधिक बाट माप अधिकारी द्वारा विभागीय कार्यवाही प्रकरण दर्ज किया गया।

