Breaking News

राजसमन्द / राजसमंद के 950 साल पुराने गुप्तेश्वर महादेव में महाशिवरात्रि की धूम, तैयारियां अंतिम चरण में

राजसमंद के 950 साल पुराने गुप्तेश्वर महादेव में महाशिवरात्रि की धूम, तैयारियां अंतिम चरण में
SURESH BAGORA February 12, 2026 03:19 PM IST

 

राजसमंद | कांकरोली

सनातन धर्म का प्रमुख पर्व महाशिवरात्रि नजदीक आते ही राजसमंद जिले के शिवालयों में भक्ति और उत्साह का माहौल है। कांकरोली स्थित करीब 950 वर्ष प्राचीन गुप्तेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। यह मंदिर जन-जन की आस्था का केंद्र है, जहां विशाल गुफा के भीतर स्वयंभू शिवलिंग विराजमान है।

महाशिवरात्रि के अवसर पर यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर मंडल, नगर परिषद और जिला प्रशासन ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। मंदिर परिसर की साफ-सफाई का कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जबकि दीवारों पर रंग-रोगन और आकर्षक चित्रांकन का कार्य अंतिम चरण में है।

मंदिर प्रशासन के अनुसार, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दर्शन व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। भीड़ प्रबंधन को लेकर प्रशासन सतर्क है और आवश्यक पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी।

गुप्तेश्वर महादेव मंदिर अपनी प्राचीनता और प्राकृतिक गुफा में स्थित स्वयंभू शिवलिंग के कारण विशेष महत्व रखता है। महाशिवरात्रि पर यहां पूरी रात भजन-कीर्तन, रुद्राभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन होगा।

आस्था, श्रद्धा और भक्ति के इस महापर्व को लेकर राजसमंद में शिवभक्तों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

RELATED NEWS