Breaking News

राजसमन्द / महाशिवरात्रि विशेष: शिव–पार्वती विवाह महोत्सव में कलश स्थापना, मेहंदी रस्म में सजे वेवर महादेव

महाशिवरात्रि विशेष: शिव–पार्वती विवाह महोत्सव में कलश स्थापना, मेहंदी रस्म में सजे वेवर महादेव
सुरेश बागोरा Rajsamandtoday✍️✍️✍️ February 14, 2026 08:46 PM IST

 

राजसमंद: जिले में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर मंदिरों में धार्मिक आयोजनों की धूम मची हुई है। अमेट क्षेत्र के वेवर महादेव मंदिर में शिव–पार्वती विवाह महोत्सव के तहत शनिवार को विधि-विधान से कलश स्थापना की गई। इसके साथ ही मेहंदी रस्म का आयोजन हुआ, जिसमें वेवर महादेव को पारंपरिक रूप से मेहंदी अर्पित कर विशेष श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा और जयकारों से वातावरण गूंज उठा।

मेहंदी रस्म में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

पुजारियों के सान्निध्य में शिवलिंग का आकर्षक श्रृंगार किया गया। महिलाओं ने मंगलगीत गाए और विवाहोत्सव की रस्मों का उल्लासपूर्वक निर्वहन किया। श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, पुष्प, नारियल व धूप-दीप अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि रविवार को विशेष अनुष्ठान एवं महाआरती का आयोजन होगा।

अखाड़ा प्रदर्शन की तैयारी

महाशिवरात्रि मेले के तहत स्थानीय युवाओं और पहलवानों द्वारा अखाड़ा प्रदर्शन की तैयारियां भी जोरों पर हैं। पारंपरिक व्यायाम, मलखंभ और कुश्ती के दांव-पेंचों का प्रदर्शन किया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार यह प्रदर्शन धार्मिक उत्सव के साथ शारीरिक संस्कृति और परंपरा को बढ़ावा देने का संदेश देगा।

कुंभलगढ़ क्षेत्र में विशेष भस्म आरती

कुंभलगढ़ क्षेत्र के प्रमुख शिवालयों में भी महाशिवरात्रि को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। देर रात 12 बजे भस्म आरती एवं विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन होगा। मंदिरों में आकर्षक सजावट और रोशनी की व्यवस्था की गई है।

 

केलवा क्षेत्र में भी भजन संध्या आज

 

महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर आज रात 8 बजे से पाटिया महादेव जी (बामण टुकड़ा, जिला राजसमंद) परिसर में विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में आकर्षक सजावट की गई है और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

भजन संध्या में जय माला म्यूजिकल ग्रुप, मुंगाना एवं न्यू राजस्थानी म्यूजिकल ग्रुप, भीलवाड़ा के कलाकारों द्वारा शिव भक्ति की सरिता बहेगी। कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध भजन गायक जगदीश जी वैष्णव (बबलू राजस्थानी) और सुप्रसिद्ध भजन गायिका हेमलता वैष्णव अपनी मधुर प्रस्तुतियों से भक्तों को मंत्रमुग्ध करेंगी। वहीं मंच पर DJ किंग भी विशेष प्रस्तुति देंगे।

कार्यक्रम का संचालन विक्रम आदित्यवाल करेंगे। साथ ही मां हिंगलाज साउंड, उदयपुर की साउंड व्यवस्था रहेगी। भजन संध्या में अंकित बाबू, संपत, प्रिया जोशी और उत्तम प्रजापति सहित अन्य कलाकार भी रंगारंग प्रस्तुतियां देंगे।

आयोजन समिति के अनुसार श्रद्धालुओं के बैठने, पेयजल एवं प्रसादी की समुचित व्यवस्था की गई है। आयोजक धर्ती नमकीन, सूरत के सहयोग से यह भव्य कार्यक्रम आयोजित हो रहा है।

 

RELATED NEWS