राजसमन्द 1 जुलाई/ जिला कलक्टर अरविन्द कुमार पोसवाल ने कहा है कि कोरोना महामारी के कारण आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा को देखते हुए आगामी श्रावण मास में प्रभु श्री परशुराम महादेव मन्दिर को आमजन के दर्शनों के लिए बंद रखा जाएगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे श्रावण मास में परशुराम महादेव मन्दिर न जाएं और घर पर ही पूजा-अर्चना संबंधी कार्य संपादित करें।
जिला कलक्टर ने कहा है कि वर्तमान में लागू अनलाॅक की अवधि में कोरोना महामारी फैलने का खतरा ज्यादा बना रहता है। उन्हांेंने बताया कि सरकार तथा जिला प्रशासन की प्राथमिकता आमजन को कोरोना महामारी से बचाना तथा संक्रमण को फैलने से रोकना है। चंुकि प्रतिवर्ष श्रावण मास में बड़ी मात्रा में श्रद्धालु प्रभु परशुराम महादेव के दर्शनार्थ आते हैं और दर्शन खुले रखने पर इस वर्ष भी बड़ी मात्रा में श्रद्धालुओं के आने की संभावना के कारण कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए इस वर्ष श्रावण मास में मंदिर को दर्शनार्थ बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

