Breaking News

राजसमन्द / आकांक्षी ब्लॉक, सम्पूर्णता अभियान और फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित केंद्र और राज्य सरकार की प्रत्येक योजना का समुचित लाभ आमजन तक पहुंचे :कलक्टर

आकांक्षी ब्लॉक, सम्पूर्णता अभियान और फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित    केंद्र और राज्य सरकार की प्रत्येक योजना का समुचित लाभ आमजन तक पहुंचे :कलक्टर
Rajsamand today February 18, 2026 09:42 PM IST

राजसमंद : जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार सायं गुरु गोलवलकर आकांक्षी ब्लॉक विकास योजना, सम्पूर्णता अभियान 2.0 एवं राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। जिला कलक्टर ने सभी योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक का संचालन सीपीओ संजय शर्मा द्वारा किया गया। 

 

गुरु गोलवलकर आकांक्षी ब्लॉक विकास योजना के अंतर्गत कुंभलगढ़ हेतु अनटाइड फंड से स्वीकृत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। इस योजना के नोडल अधिकारी उपखण्ड अधिकारी, कुंभलगढ़ हैं। स्वास्थ्य विभाग, राजीविका, शिक्षा विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा स्वीकृत कार्यों की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत की गई। जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि स्वीकृत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कर आमजन को त्वरित लाभ उपलब्ध कराया जाए।

 

सम्पूर्णता अभियान 2.0 के तहत जानी भीम की प्रगति:

 

सम्पूर्णता अभियान 2.0 अंतर्गत आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम, ब्लॉक भीम की प्रगति की समीक्षा की गई। विशेष रूप से 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों को आईसीडीएस कार्यक्रम के तहत नियमित पूरक पोषण प्राप्त करने के प्रतिशत तथा रिपोर्टिंग माह में आंगनबाड़ी केन्द्रों में नामांकित बच्चों की मापन दक्षता जैसे संकेतकों पर चर्चा की गई।

 

बैठक में बताया गया कि आंगनबाड़ी केन्द्रों में 21 शौचालय निर्माण की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति 13 फरवरी 2026 को डीएमएफटी राजसमंद द्वारा जारी की जा चुकी है तथा निविदा प्रक्रिया पंचायत समिति भीम स्तर पर प्रक्रियाधीन है। इसके अतिरिक्त 4 आंगनवाड़ी केन्द्रों में पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने हेतु सूची 10 फरवरी 2026 को पीएचईडी विभाग को प्रेषित की जा चुकी है, जिस पर विभाग द्वारा कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है।

 

राजकीय विद्यालयों में 5 बालिका शौचालय निर्माण की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति 13 फरवरी 2026 को डीएमएफटी राजसमंद द्वारा जारी की गई है, जबकि 2 बालिका शौचालयों की स्वीकृति पूर्व में जारी हो चुकी है। इन कार्यों की निविदा प्रक्रिया भी पंचायत समिति भीम स्तर पर जारी है। जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।

 

फ्लैगशिप योजनाओं में हर पात्र को लाभान्वित करने के निर्देश:

 

बैठक में राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं की भी समीक्षा की गई। नवीन परिवारों को एनएफएसए से लाभान्वित करना, कुसुम योजना, लाडो प्रोत्साहन योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण एवं शहरी), स्वामित्व योजना, मुख्यमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, जल जीवन मिशन, पंचगौरव योजना सहित लखपति दीदी, सोलर दीदी, ड्रोन दीदी, बैंक सखी, कृषि सखी एवं पशु सखी कार्यक्रमों की प्रगति पर चर्चा की गई।

 

इसके अतिरिक्त संशोधित वितरण क्षेत्र योजना, प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन, कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान, मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.0, अटल ज्ञान केंद्र, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, अटल प्रगति पथ, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी एवं ग्रामीण), मिशन हरियालो राजस्थान, अमृत योजना, पंडित दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त गांव योजना तथा मुख्यमंत्री शिक्षित राजस्थान अभियान की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

जिला कलक्टर ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने, प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा आमजन को योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि आकांक्षी ब्लॉक एवं फ्लैगशिप योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जिले के समग्र विकास को गति मिलेगी।

 

RELATED NEWS