Breaking News

राजसमन्द / ग्रामीण महिलाओं ने नारेबाजी कर जताया विरोध अनदेखी : केलवा के पालीवाल मोहल्ले में क्षतिग्रस्त सीसी सड़क, नालियां व पानी की पाइपलाइन से जनजीवन अस्त-व्यस्त

ग्रामीण महिलाओं ने नारेबाजी कर जताया विरोध  अनदेखी : केलवा के पालीवाल मोहल्ले में क्षतिग्रस्त सीसी सड़क, नालियां व पानी की पाइपलाइन से जनजीवन अस्त-व्यस्त
सुरेश बागोरा Rajsamandtoday✍️✍️✍️ February 24, 2026 09:39 PM IST

 राजसमंद: ग्राम पंचायत केलवा के पालीवाल मोहल्ले में बदहाल आधारभूत सुविधाओं को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश मंगलवार को खुलकर सामने आ गया। सीसी सड़क के पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने, नालियों के टूटने तथा पेयजल पाइपलाइन के क्षतिग्रस्त होने से परेशान ग्रामीण महिलाओं ने सड़क पर खड़े होकर ग्राम पंचायत, जलदाय विभाग व प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।ग्रामीणों ने बताया कि मोहल्ले की सीसी सड़क पूरी तरह टूटकर पत्थरों में तब्दील हो चुकी है। जगह-जगह गड्ढे और उखड़े पत्थरों के कारण न तो वाहन निकल पा रहे हैं और न ही पैदल चलना सुरक्षित रह गया है। हालात इतने खराब हैं कि पानी का टैंकर भी मोहल्ले तक नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे पेयजल संकट गहराता जा रहा है।पिछले 17–18 दिनों से पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद पड़ी है। सड़क खुदाई के दौरान पानी की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिसकी अब तक मरम्मत नहीं करवाई गई है। नालियों के टूटे होने से गंदा पानी मार्ग पर बह रहा है, जिससे कीचड़ व दुर्गंध का वातावरण बना हुआ है। इससे संक्रामक रोग फैलने की आशंका भी बढ़ गई है।

ग्रामीणों ने बताया कि छोटे-छोटे बच्चे स्कूल जाते समय फिसलकर गिर चुके हैं और कई को चोटें भी आई हैं। बुजुर्गों व महिलाओं के लिए आवागमन अत्यंत कठिन हो गया है। कीचड़ व गंदगी के कारण कपड़े खराब हो रहे हैं और दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। पशुओं के लिए भी पानी की भारी किल्लत बनी हुई है।प्रदर्शन में लिला देवी, तुलसी देवी, प्रेम देवी, दुर्गा देवी, तारा देवी, बसंती देवी, मीना देवी, टमु बाई, गंगा देवी, मोहनी देवी, हिरा देवी, ममता देवी, कुसुम देवी, रेखा देवी सहित अनेक महिलाएं मौजूद रहीं। महिलाओं ने बताया कि सड़क, नाली और पानी की पाइपलाइन को लेकर कई बार ग्राम पंचायत में शिकायत दर्ज करवाई जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। जलदाय विभाग द्वारा पुरानी सीसी सड़क खोदकर नए निर्माण का आश्वासन दिया गया था, परंतु कई दिनों से कार्य बंद पड़ा है और स्थिति जस की तस बनी हुई है।ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही सड़क, नालियों और पानी की पाइपलाइन की मरम्मत कर नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं की गई, तो मजबूरन उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

 

RELATED NEWS