मौके पर दो कार छोड़कर हमलावर हुए फरार,
पीड़ितों ने पांच नामजद और 10-15 अन्य के खिलाफ दी शिकायत,
देवगढ़ थाना पुलिस कर रही मामले की जांच,
राजसमंद जिले के देवगढ़ में जमीन पर कब्जा करने के लिए कुछ हमलावरों ने आधी रात में फिल्मी स्टाइल में आतंक मचाया। देवगढ़ कामलीघाट रोड पर स्थित जमीन को दबंगई से खाली करवाने के लिए 40 से 50 हमलावर रात के अंधेरे में जेसीबी मशीन तीन ट्रैक्टर और दो कारें लेकर पहुंचे और वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया जिसका वीडियो भी सामने आया है। पीड़ित चंद्रप्रकाश कलाल, मुकेश और जितेंद्र सोनी ने देवगढ़ थाने में पांच नामजद और 10 15 अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दी है। पीड़ित चंद्रप्रकाश ने बताया कि देवगढ़ कामलीघाट रोड पर उसकी पुश्तैनी जमीन मौजूद है। बीती रात जमीन पर कब्जा करने के लिए भेरू सिंह, जय सिंह, हरदेव , सोहन गुर्जर आदि 40 से 50 लोगों के साथ लाठी डंडे और हथियार लेकर जमीन पर कब्जा करने और तोड़फोड़ करने के लिए पहुंचे। आरोपी जेसीबी मशीन और तीन ट्रैक्टर भी लेकर पहुंचे थे। वहां मौजूद लोगों के साथ हमलावरो ने मारपीट की और गाली गलौज कर धमकियां दी। पीड़ित पक्ष की सूचना पर जब देवगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी फरार हो गए। अब पीड़ितों की शिकायत पर देवगढ़ थाना पुलिस जांच में जुटी है।

