राजसमन्द 12 मई/ उदयपुर संभाग के संभागीय आयुक्त विकास सीताराम भाले ने मंगलवार को जिला मुख्यालय के नवोदय विद्यालय में स्थापित क्वारंटाईन सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निवासरत प्रवासियों के लिए संपादित की जा रही विभिन्न व्यवस्थाओं व सुविधाओं यथा चाय, नाश्ता, भोजन, बिस्तर, टाॅयलेट आदि को देखा तथा पूख्ता व्यवस्थाओं के लिए जिला प्रशासन, राजसमन्द की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर अरविन्द कुमार पोसवाल, उपखण्ड अधिकारी सुशील कुमार, नगरपरिषद आयुक्त जनार्दन शर्मा व नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य घनश्याम मीणा उपस्थित थे।
इस दौरान जिला कलेक्टर ने संभागीय आयुक्त को जानकारी देते हुए बताया कि नवोदय विद्यालय में स्थापित क्वारंटाईन सेंटर में वर्तमान में महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों के 213 प्रवासी निवासित हैं तथा इनके लिए दैनिक जीवनचर्या से सबंधित सम्पूर्ण व्यवस्थाएं नियमित रूप से की जा रही है। सभी को दो बार चाय, नाश्ता, भोजन दिया जा रहा है तथा आयुर्वेदिक काढ़ा पिलाया जा रहा है जिससे निवासरत प्रवासियों की रोग प्रतिरोधक क्षमता को विकसित किया जा सके।
निरीक्षण में संभागीय आयुक्त ने क्वारंटाईन सेंटर में निवासित प्रवासियों से संवाद किया तथा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया तथा जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि अन्य राज्यों से आने वाले प्रवासियों की जानकारी प्राप्त करने के लिए सूचना तंत्र को मजबूत किया जाए जिससे उनको क्वारंटाईन किया जा सके और कोरोना महामारी के संक्रमण के फैलाव को रोका जा सके। इस दौरान संभागीय आयुक्त ने मीरा होटल तथा उदयपुर-राजसमन्द सीमा क्षेत्र का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में बेहतरी लाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
प्रशासन की तरफ से दिए जा रहें हैं किट
जिला कलेक्टर ने जानकारी दी कि जिला प्रशासन की तरफ से क्वारंटाईन व्यक्तियांें को एक किट प्रदान किया जा रहा है जिसमें तेल, काँच, कंघा, पेस्ट, ब्रश, नहाने व कपड़े धाने का साबुन, पानी की बोतल, मास्क तथा एक सेनिटाईजर शामिल है।

