जिला कलेक्ट्रेट सभागार कक्ष में आयोजित गणतंत्र दिवस समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त जिला कलक्टर रामचरण शर्मा ने कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह पूरी भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह 26 जनवरी गुरुवार को प्रातः 9 बजे से जिले के राजकीय बालकृष्ण उच्च माध्यमिक विद्यालय कांकरोली के खेल मैदान में आयोजित किया जाएगा। इससे पूर्व जिला परिषद में प्रातः 8 बजे, जिला कलक्टर निवास पर 8 बजकर 15 मिनट एवं 8 बजकर 30 मिनट बजे जिला कलक्टर कार्यालय पर झंडा रोहण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मुख्य समारोह में प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण होगा। इसके पश्चात् सामूहिक व्यायाम, सांस्कृतिक कार्यक्रम, झांकियो का प्रदर्शन तथा राष्ट्रगान के साथ समापन होगा।
जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारी उत्साह चौधरी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राष्ट्रीय पर्व के आयोजन में सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से पूरा करें। सभी विभागों के अधिकारी व कार्मिक मुख्य समारोह में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहे।

