राजसमंद। जिले में एक बार फिर मौसम ने करवट लेते हुए लोगों को राहत दी। सोमवार को दोपहर बाद अचानक बदले मौसम के मिजाज के साथ कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई। खासतौर पर चारभुजा नाथ की नगरी गढ़बोर में तेज बारिश दर्ज की गई, जिससे वातावरण पूरी तरह शीतल हो गया।बरिश के बाद लंबे समय से बनी हुई उमस और गर्मी से आमजन को राहत मिली। बाजारों और ग्रामीण क्षेत्रों में लोग बारिश का आनंद लेते नजर आए।
इन क्षेत्रों में भी हुई बारिश
सूचना के अनुसार बीती रात भी जिले के कई हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। राजसमंद शहर, आमेट और कुंवारिया क्षेत्र में देर रात बूंदाबांदी हुई। वहीं चारभुजा, गोमती और देवगढ़ क्षेत्र में भी अच्छी बारिश की सूचना है।
केलवा क्षेत्र में तो मौसम ने और तेवर दिखाए, जहां बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। हालांकि ओले छोटे आकार के थे, जिससे किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।
फसलों पर नहीं पड़ेगा असर
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार यह बारिश रबी फसलों के लिए नुकसानदेह नहीं मानी जा रही है। वर्तमान समय में खड़ी फसलों को इस हल्की बारिश से नमी मिलेगी, जिससे लाभ ही होने की संभावना है। खेतों में नमी बढ़ने से सिंचाई की आवश्यकता भी कुछ दिनों के लिए कम हो सकती है।
मौसम विभाग की नजर
मौसम में आए इस बदलाव को पश्चिमी विक्षोभ का असर माना जा रहा है। अगले एक-दो दिन तक आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई जा रही है।
बारिश के चलते सड़कों पर हल्का जलभराव भी देखा गया, लेकिन स्थिति सामान्य रही। कुल मिलाकर बदलते मौसम ने गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत की सांस दी है।

