कोविड-19 संक्रमण की इस वैश्विक महामारी के दौरान सरकार की ओर से राशन सामग्री वितरण किया जा रहा है। इसके साथ ही एक आदेश जारी कर निजीतौर पर भोजन सामग्री वितरण करने की मनाही कर दी गई है। लेकिन कुछ युवा संगठन जरुरतमंदों की तलाशकर अपने हाथों से भोजन बनाकर जनसेवा कार्य मे जुटे है। ऐसा ही एक संगठन शिवमित्र मण्डल राजसमंद के मालीवाडा और सौ फीट रोड का है। संगठन के सौ लोग अपने हाथों से भोजन बनाकर प्रतिदिन पांच सौ लोगों के भोजन के पैकेट बनाकर वितरण कर रहे है। भोजन बनाने की प्रक्रिया मे शुद्धता का पूरा ध्यान रखा जाता है। सभी कार्यकर्ता हाथों मे ग्लब्स पहने और चेहरे पर मास्क लगाये भोजन बनाने का कार्य करते है। यहां तक की भोजन के पैकेट के साथ शुद्ध पेयजल भी उपलब्ध करवाते है ताकि संक्रमण का खतरा नही रहे। संगठन को कई जनप्रतिनिधीयों की ओर से सहायता की पेशकश की गई है लेकिन कार्यकर्ताओं ने बिना किसी बाहरी सहायता के सेवा कार्य करने की ठानकर उन्हे साफतौर पर मना कर दिया। जिलेभर मे इनके इस सदकार्य की चर्चा है।

