राजसमंद : सांसद श्रीमती महिमा कुमारी मेवाड़ द्वारा राजसमंद संसदीय क्षेत्र में विकसित भारत-जी राम जी योजना को लेकर प्रभावी रूप से जन जागरण अभियान चलाया जा रहा है। सांसद ने बुधवार को जिले के हरिओम उपवन, पसुन्द में आयोजित बैठक में सांसद ने विस्तृत समीक्षा करते हुए ग्रामवासियों को योजना की जानकारी दी और इसके बहुआयामी लाभ गिनाए।
सांसद ने कहा कि विकसित भारत-जी राम जी योजना ग्रामीण विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है, जिसका उद्देश्य गांवों को आत्मनिर्भर, सशक्त और समृद्ध बनाना है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत 125 दिन की रोजगार गारंटी का प्रावधान किया गया है, जिससे ग्रामीण परिवारों को वर्षभर आजीविका का मजबूत आधार मिलेगा। यह कदम न केवल आर्थिक सुरक्षा प्रदान करेगा, बल्कि ग्रामीण युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराएगा।
बैठक में ग्राम सभा द्वारा विकसित ग्राम पंचायत योजना (VGPP) की भूमिका पर विशेष चर्चा की गई। सांसद ने कहा कि VGPP के माध्यम से ग्राम पंचायत स्वयं अपने विकास की प्राथमिकताएं तय कर सकेगी। इसमें सड़क, पानी, स्वच्छता, सामुदायिक भवन, खेल मैदान, शिक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शामिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि VGPP में विभिन्न विभागों की योजनाओं का समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे संसाधनों का बेहतर उपयोग और कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन हो सके।
तकनीक के उपयोग को योजना की बड़ी ताकत बताते हुए सांसद ने कहा कि डिजिटल माध्यमों से पारदर्शिता बढ़ेगी और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा। कार्यों की मॉनिटरिंग, भुगतान प्रक्रिया और प्रगति की जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध रहेगी, जिससे आमजन को भी योजना की स्थिति की जानकारी मिल सकेगी।

