Breaking News

राजसमन्द / जिला स्तरीय कृषि एवं उद्यानिकी समितियों की बैठक सम्पन्न विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, लक्ष्य अनुसार कार्य पूर्ण करने के निर्देश

जिला स्तरीय कृषि एवं उद्यानिकी समितियों की बैठक सम्पन्न    विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, लक्ष्य अनुसार कार्य पूर्ण करने के निर्देश
सुरेश बागोरा Rajsamandtoday✍️✍️✍️ February 17, 2026 07:40 PM IST

राजसमंद। जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला स्तरीय कृषि समिति, जिला उद्यानिकी विकास समिति, आत्मा शासी परिषद, जिला स्तरीय निगरानी समिति (फसल बीमा), जिला स्तरीय उर्वरक नियंत्रण समिति, जिला स्तरीय तिलहन मिशन तथा जिला स्तरीय क्रियान्वयन समिति (तिलहन) की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

 

बैठक की शुरुआत संयुक्त निदेशक कृषि भूपेन्द्र सिंह राठौड़ द्वारा स्वागत उद्बोधन से की गई। उन्होंने पीपीटी के माध्यम से कृषि, उद्यानिकी एवं आत्मा अंतर्गत गठित विभिन्न समितियों एवं उनके कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की।

 

डीबीटी योजनाओं की समीक्षा में बताया गया कि सिंचाई पाइपलाइन, कृषि यंत्र, फार्म पौंड, तारबंदी, गोवर्धन जैविक उर्वरक एवं कृषि संकाय में अध्ययनरत छात्राओं को प्रोत्साहन राशि जैसी योजनाओं में प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृतियां जारी की गई हैं। जिला कलक्टर ने निर्देशित किया कि अधिक से अधिक कृषकों के आवेदन प्राप्त कर लक्ष्यों के अनुरूप स्वीकृतियां जारी की जाएं।

 

राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के अंतर्गत भौतिक एवं वित्तीय लक्ष्यों की जानकारी प्रस्तुत की गई। जिला कलक्टर ने कृषि सखी एवं सीआरपी के प्रशिक्षण कार्यक्रम कृषि विज्ञान केन्द्र एवं कृषि विभाग के समन्वय से शीघ्र आयोजित कर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

परम्परागत कृषि विकास योजना तथा वर्षा आधारित नेशनल मिशन ऑफ सस्टेनेबल एग्रीकल्चर की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि योजनाओं के शत-प्रतिशत लक्ष्य समयबद्ध पूर्ण किए जाएं।

 

जिला कलक्टर ने निरीक्षकों को निर्देशित किया कि संघन निरीक्षण कर यूरिया डायवर्जन एवं जमाखोरी की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की भी विस्तृत समीक्षा की गई तथा कृषकों को अधिकाधिक लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए। 

 

बैठक में संयुक्त निदेशक कृषि भूपेन्द्र सिंह राठौड़, नाबार्ड डीडीएम आशीष जैन, संयुक्त निदेशक पशुपालन शक्ति सिंह, मत्स्य विकास अधिकारी डॉ. शीतल नारुका, उप निदेशक उद्यान कल्प वर्मा, उप निदेशक कृषि आत्मा संतोष कुमार दुरिया, सहायक निदेशक कृषि अर्जुनराम, कृषि अधिकारी भरत नन्दन, सहायक निदेशक कृषि ज्वाला प्रताप सिंह, सहायक निदेशक उद्यान प्रवीण कुमार गुप्ता, सहायक निदेशक कृषि शिव प्रकाश कुम्हार, कृषि अधिकारी रोशन लाल डांगी, कृषि अधिकारी गणपत लौहार तथा उप रजिस्ट्रार विनोद कुमार कोठारी उपस्थित रहे।

 

जिला कलक्टर ने अंत में सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक कृषकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

 

RELATED NEWS