Breaking News

राजसमन्द / पंचायतीराज चुनाव-2026: मतदान से लेकर मतगणना तक हर तैयारी की हुई समीक्षा जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अरुण कुमार हसीजा ने ली सभी प्रकोष्ठ प्रभारियों व एसडीएम की पहली बैठक

पंचायतीराज चुनाव-2026: मतदान से लेकर मतगणना तक हर तैयारी की हुई समीक्षा    जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अरुण कुमार हसीजा ने ली सभी प्रकोष्ठ प्रभारियों व एसडीएम की पहली बैठक
सुरेश बागोरा Rajsamandtoday✍️✍️✍️ February 17, 2026 07:38 PM IST

 

निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सम्पन्न हों, हर नियम की अक्षरशः पालना करें :हसीजा

 

राजसमंद : आगामी पंचायतीराज चुनाव-2026 के मद्देनजर जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अरुण कुमार हसीजा ने मंगलवार सायं जिला परिषद सभागार में सभी प्रकोष्ठों के प्रभारी अधिकारियों एवं सभी एसडीएम की पहली समन्वय बैठक आयोजित की। बैठक में चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी (एडीएम) नरेश बुनकर, जिला परिषद सीईओ बृजमोहन बैरवा, मंदिर मण्डल नाथद्वारा सीईओ जितेंद्र पांडे, एडिशनल एसपी रजत विश्नोई सहित सभी प्रकोष्ठ प्रभारी, जिले के सभी उपखंड अधिकारी मौजूद रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी हसीजा ने निर्देश दिए कि निर्वाचन की अधिसूचना जारी करने से लेकर नाम निर्देशन पत्र प्राप्ति, संवीक्षा, नाम वापसी, चुनाव चिन्ह आवंटन, अभ्यर्थियों की सूची तैयार करने, पहचान पत्र जारी करने तथा राज्य निर्वाचन आयोग को समस्त सूचनाएं समय पर प्रेषित करने की कार्यवाही नियमानुसार सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रमुख एवं उप प्रमुख के चुनाव सहित आरओ सेल से संबंधित समस्त कार्य समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए।

 

निर्वाचन प्रक्रिया में समन्वय, मॉनिटरिंग और पारदर्शिता पर जोर

 

हसीजा द्वारा जिला निर्वाचन अनुभाग को आयोग से प्राप्त पत्रों का त्वरित संप्रेषण, निर्वाचन नामावली की तैयारी, मतदान केंद्रों का प्रकाशन तथा वीडियो कॉन्फ्रेंस बैठकों की एजेंडावार तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कानून व्यवस्था प्रकोष्ठ को एरिया एवं जोनल मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति, धारा 163 बीएनएसएस 2023 के अंतर्गत निषेधाज्ञा, कोलाहल नियंत्रण, संपत्ति विरूपण अधिनियम, पोस्टर-बैनर नियंत्रण, सूखा दिवस घोषणा तथा अनुज्ञप्त शस्त्र जमा कराने जैसी कार्यवाहियां समय पर पूर्ण करने को कहा गया।

 

संस्थापन प्रकोष्ठ को चुनाव ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा एमसीसी अवधि में कार्यग्रहण व कार्यमुक्ति संबंधी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। सामान्य व्यवस्था प्रकोष्ठ को मतदान दल रवानगी एवं संग्रहण स्थलों पर मूलभूत सुविधाएं, स्ट्रॉन्ग रूम चयन एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

 

मतदान, मतगणना, प्रशिक्षण व सुरक्षा व्यवस्थाओं की रूपरेखा तय

 

मतदान एवं मतगणना दल गठन प्रकोष्ठ को कार्मिकों का डाटा संधारण, रेंडमाइजेशन, आवास, पेयजल, बिजली, परिवहन एवं कंट्रोल रूम स्थापना की तैयारी सुनिश्चित करने को कहा गया। प्रशिक्षण प्रकोष्ठ को प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार कर मास्टर ट्रेनर्स के माध्यम से चरणबद्ध प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

 

पुलिस बल को क्रिटिकल एवं वल्नरेबल मतदान केंद्रों की पहचान, सुरक्षा प्लान तैयार करने, सशस्त्र बल तैनाती तथा नियमित एलओआर रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने को कहा गया। मतपत्र मुद्रण, ईवीएम कमीशनिंग, रेंडमाइजेशन, परिवहन एवं स्ट्रॉन्ग रूम सुरक्षा के लिए संबंधित प्रकोष्ठों को समन्वित कार्यवाही के निर्देश दिए गए।

 

व्यय लेखा, आदर्श आचार संहिता पर विशेष फोकस

 

निर्वाचन व्यय लेखा प्रकोष्ठ को उम्मीदवारों के व्यय की नियमित जांच एवं रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने तथा प्रिंटिंग प्रेस मालिकों के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा गया। आदर्श आचार संहिता एवं शिकायत प्रकोष्ठ को राजनीतिक दलों के साथ बैठकें आयोजित कर पालना सुनिश्चित करने तथा प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। आईटी प्रकोष्ठ को राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट व ई-सूची पोर्टल पर समस्त डाटा समयबद्ध अपडेट करने के निर्देश दिए गए।बैठक में सभी प्रकोष्ठ प्रभारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना करते हुए आपसी समन्वय बनाए रखें तथा प्रत्येक स्तर पर समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित कर आगामी पंचायतीराज चुनाव-2026 को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाए।

RELATED NEWS