Breaking News

राजसमन्द / जो संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों को लेकर निरंतर लापरवाह हैं, उनके विरुद्ध करेंगे कार्रवाई की अनुशंसा -जिला कलक्टर

जो संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों को लेकर निरंतर लापरवाह हैं, उनके विरुद्ध करेंगे कार्रवाई की अनुशंसा -जिला कलक्टर
Rajsamand today ✍️✍️ October 14, 2024 11:26 PM IST

 

 

माँ वाउचर योजना का प्रभावी क्रियान्वयन हो, कोई पात्र गर्भवती महिला लाभ से वंचित न रहे -जिला कलक्टर

 

कलक्टर असावा ने ली विद्युत, जलदाय, पंचायतीराज, पीडब्ल्यूडी और चिकित्सा विभाग की समीक्षा बैठक 

 

राजसमंद, 12 अक्टूबर। जिला कलक्टर श्री बालमुकुंद असावा ने सोमवार सुबह पीडबल्यूडी, पंचायतीराज, विद्युत विभाग, जलदाय विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य आदि विभागों की समीक्षा बैठक लेकर संपर्क पोर्टल, ई फ़ाइल, राइजिंग राजस्थान सहित अन्य विभागीय लक्ष्यों और योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान एडीएम नरेश बुनकर, जिला परिषद सीईओ बृजमोहन बैरवा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। 

 

संपर्क पोर्टल पर कुछ विभागों द्वारा लापरवाही सामने आने पर कलक्टर ने स्पष्ट कहा कि संतुष्टि का स्तर नहीं सुधरा तो वे विभाग को उच्च स्तर पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की अनुशंसा कर भेजेंगे। उन्होंने कहा कि संपर्क पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का समय पर निस्तारण करें, 90 दिनों से ऊपर कोई शिकायत लंबित न रहें। शिकायतों का निस्तारण करते समय मौके से राहत के फ़ोटो भी अपलोड करें।

 

उन्होंने कहा कि शिकायतें प्राप्त होने पर धरातल तक जाएं, परिवादी से फोन पर बात करें, उसकी समस्या को समझें। उन्होंने कहा कि परिवादियों को कॉल कर उससे संवाद करें और जानें कि वह कार्रवाई से संतुष्ट है या नहीं, जब तक आप माइक्रो लेवल तक नहीं जाएंगे तब तक धरातल पर बदलाव नहीं आएगा।

 

कलक्टर ने ई फ़ाइल समीक्षा के दौरान फ़ाइल क्रियेशन, मूवमेंट, निस्तारण को लेकर रिपोर्ट देखी और पाया कि गत बैठक में दिए निर्देशों के बाद ई फ़ाइल में काफी सुधार आया है जिस पर उन्होंने संतुष्टि जाहीर की। जल जीवन मिशन के प्रगतिरत कार्यों को लेकर जलदाय विभाग से पूछा और लंबित कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

 

माँ वाउचर योजना से कोई पात्र गर्भवती महिला वंचित न रहे

 

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से उन्होंने मौसमी बीमारियों की विस्तार से समीक्षा की। डेंगू सहित विभिन्न बीमारियों को लेकर वर्तमान में ओपीडी, आईपीडी में आने वाले मरीज और उनको दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। जिला कलक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना से कोई भी पात्र लाभार्थी वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी अस्पताल में 80 प्रतिशत से कम टीआईडी नहीं होनी चाहिए।

 

राजस्थान राज्य की गर्भवती महिलाओं को मां वाउचर योजना के अंतर्गत निशुल्क सोनोग्राफी कराने की सुविधा प्राप्त होगी जिसकी भी कलक्टर ने बैठक में समीक्षा की। मां वाउचर योजना को लेकर कहा कि यह योजना गर्भवती महिलाओं को लाभ पहुंचाने के लिए सरकार की एक उत्कृष्ट योजना है। कोई भी पात्र गर्भवती मां लाभ से वंचित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कुल पंजीकृत गर्भवती महिलाओं की संख्या, लाभ से वंचित महिलाओं की संख्या आदि की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी चिकित्सकों को निर्देशित कर दें कि पात्र महिला इसके लाभ से वंचित नहीं रहनी चाहिए।

 

आईएम शक्ति उड़ान योजना को गंभीरता से लें, पारदर्शिता बरतें

 

महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान आईएम शक्ति उड़ान योजना की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं कर पाने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की और अगली बार से विभाग को सही, सटीक और प्रॉपर जानकारी पटल पर लाने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि योजना के तहत सेनेटरी नैपकिन का पूरी पारदर्शिता के साथ वितरण होना चाहिए और इसमें कोई भी लापरवाही सामने नहीं आनी चाहिए, नहीं तो कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभाग इस योजना को पूरी तरह से गंभीरता से ले।

 

पालनहार के तहत वंचित पात्र बच्चों को जोड़ें

 

जिला कलक्टर ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग से पालनहार योजना की समीक्षा की। अगले 7 दिन में सत्यापन संबंधित सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन में होने के नाते हमारा यह दायित्व है कि कोई जरूरतमंद और पात्र बच्चा लाभ से वंचित न रहे, उन्हें पालनहार योजना के तहत जो राशि मिलती है वह उनके लिए संबल से कम नहीं है। कलक्टर ने कहा कि जितने भी पात्र बच्चे हैं उनके सत्यापन संबंधित सभी काम समय पर पूरे हो जिससे उन्हें निरंतर लाभ मिलता रहे, साथ ही वंचित बच्चों को भी इस योजना से जोड़ा जाए।

RELATED NEWS