Breaking News

राजस्थान / नूपुर शर्मा के सपोर्ट में पोस्ट करने वाले का मर्डर:दुकान में घुसकर तलवार से कई वार किए, गला काटा;

नूपुर शर्मा के सपोर्ट में पोस्ट करने वाले का मर्डर:दुकान में घुसकर तलवार से कई वार किए, गला काटा;
Rajsamand today June 28, 2022 06:31 PM IST

10 दिन पहले नूपुर शर्मा के समर्थन में सोशल मीडिया पर पोस्ट डालने वाले टेलर का मर्डर कर दिया गया है। पिछले कई दिनों से उसे धमकियां मिल रही थीं। इसकी नामजद शिकायत उसने पुलिस से भी की थी। मंगलवार दिनदहाड़े उसकी दुकान में घुसकर बदमाशों ने कई वार किए। फिर गला काट दिया। इस पूरे हमले का वीडियो भी सामने आया है। इसमें बदमाश उस पर धारदार हथियार से हमला कर रहे हैं। मामला उदयपुर का है।

 

नाप देने के बहाने दुकान में घुसे
कन्हैयालाल तेली (40) का धानमंडी स्थित भूतमहल के पास सुप्रीम टेलर्स नाम से दुकान है। मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे बाइक सवार 2 बदमाश आए। नाप देने का बहाना बनाकर दुकान में प्रवेश किया। कन्हैयालाल कुछ समझ पाते तब तक बदमाशों ने हमला बोल दिया। एक के बाद एक उनपर आधा दर्जन से ज्यादा वार कर दिए। मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इसके बाद दोनों बदमाश फरार हो गए।

6 दिन नहीं खोली थी दुकान
कन्हैयालाल गोर्वधन विलास इलाके का रहने वाला था। 10 दिन पहले उसने बीजेपी से हटाई गई नुपूर शर्मा के पक्ष में सोशल मीडिया पर पोस्ट की। इसके बाद से समुदाय विशेष के लोग उसे जान से मारने की धमकी दे रहे थे। कन्हैयालाल लगातार धमकियों से परेशान था। 6 दिनों से उसने अपनी टेलर्स की दुकान भी नहीं खोली थी। उसे पुलिस को धमकियां देने वाले युवकों के बारे में नामजद रिपोर्ट दी थी। पुलिस ने उसे थोड़े दिन संभलकर रहने का बोलकर गंभीरता नहीं लिया था।

 

आधा दर्जन इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात
कलेक्टर तारा चंद मीणा, एसपी मनोज चौधरी मौके पर पहुंचे। हाथीपोल समेत आधा दर्जन इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किए गए हैं। लोग मौके पर प्रदर्शन करने भी पहुंचे। शव फिलहाल मौके पर ही पड़ा है। परिजन हंगामा कर रहे हैं। खेरवाड़ा से पुलिस की अतिरिक्त टुकड़ियों को बुलाया गया है। शहर के 5 इलाकों में बाजार बंद कर दिए गए हैं।

पुलिस कर रही रिकॉर्ड की जांच
एसपी उदयपुर मनोज चौधरी ने कहा- सूचना मिलते ही पुलिस जाब्ता मौके पर लगा दिया गया है। बड़ी बेरहमी से हत्या की गई है। जो भी अपराधी हैं, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल परिवार से बात नहीं हुई है। नूपुर शर्मा के समर्थन में पोस्ट के बाद मिल रही धमकियों की शिकायत के सवाल पर एसपी बोले कि मृतक से जुड़े सभी रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। कुछ आरोपियों की पहचान हुई है। टीम भेज दी गई है।

RELATED NEWS