देश / मुकेश अंबानी पहुंचे श्रीजी द्वार श्री विशाल बावा से भेंट कर लिया आशीर्वाद श्रीनाथजी धाम से होगा 5G सेवा का शुभारंभ

 

बहू राधिका मर्चेंट के साथ मुकेश अंबानी ने दरबार में लगाई हाजिरी

देश में 5G इंटरनेट सेवा का उद्घाटन राजस्थान स्थित नाथद्वारा के श्रीनाथजी मंदिर से होगा। इसकी जानकारी मंदिर से जुड़े सूत्रों से मिली है। सोमवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन मुकेश अंबानी अपनी होने वाली बहू राधिका मर्चेंट के साथ श्रीनाथजी मंदिर पहुंचे। उन्होंने आराध्य देव श्रीनाथजी के दर्शन किए।

इस दौरान मंदिर से जुड़े पदाधिकारियों के साथ उन्होंने तमाम बिंदुओं पर चर्चा भी की। इससे पहले मार्च 2021 में अंबानी परिवार बहू राधिका को आशीर्वाद दिलाने यहां आया था।

अंबानी ने शाम की झांकी के दर्शन किए

मुकेश अंबानी और राधिका मर्चेंट ने शाम 5.32 से 6.10 बजे तक होने वाली झांकी के दर्शन किए। दर्शन के बाद मंदिर परंपरा के मुताबिक श्रीनाथजी मंदिर के तिलकायत के बेटे विशाल बावा ने उपरणा ओढ़ाकर स्वागत किया। पान-बीड़ा प्रसाद भेंट किया। अंबानी ने बावा से फाइव जी इंटरनेट सेवा की लॉन्चिंग को लेकर अनौपचारिक बातचीत की।

चर्चा के दौरान अंबानी ने देश में 5G इंटरनेट सेवा का शुभारंभ श्रीनाथजी के दरबार से करने की इच्छा जाहिर की। हालांकि, इस बात की आधिकारिक तौर पर किसी तरह की घोषणा नहीं हुई है।

अंबानी का काफिला जब मंदिर की ओर बढ़ा तो नाथद्वारा चौपाटी पर लोगों की भीड़ उनकी एक झलक के लिए उत्साहित नजर आई।

पुलिस उपाधीक्षक छगन राजपुरोहित ने बताया कि अंबानी को जेड श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है। इसे ध्यान में रखते हुए जिला पुलिस एस्कॉर्ट, हेलिपैड, मंदिर दर्शन के अलावा अलग-अलग पॉइंट पर सुरक्षा व्यवस्था रही।

 

Categories