राजसमन्द / बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने बरपाया कहर, किसानों की बढ़ी चिंता

 

मेवाड़ सहित राजसमंद जिले में बीती रात बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने जमकर तबाही मचाई। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश के दौरान नींबू के आकार के ओले गिरने से जनजीवन प्रभावित हो गया और किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ा।

अलसुबह हुई इस अचानक बारिश और ओलावृष्टि से खेतों में काटकर रखी गई गेहूं और जौ की फसल लगभग पूरी तरह बर्बाद हो गई। तेज हवाओं और बारिश के चलते फसल के दाने टूटकर जमीन पर गिर गए, वहीं भीगने से गेहूं की डांगियां खराब हो गई हैं। इससे दानों के अंकुरित होने और काला पड़ने की आशंका बढ़ गई है, जिससे बाजार में फसल का मूल्य लगभग नगण्य रह जाता है।

किसानों का कहना है कि इस साल मानसून की अनियमितता के चलते बुवाई देर से हुई थी, लेकिन फसल अब पककर तैयार थी। केवल कटाई के बाद भंडारण की प्रक्रिया बाकी थी, लेकिन इसी बीच आई इस प्राकृतिक आपदा ने सालभर की मेहनत पर पानी फेर दिया।

सुबह होते ही किसान खेतों में पहुंचे और फसलों की खराब हालत देखकर मायूस नजर आए। इस नुकसान के बाद किसानों की नजर अब सरकार की ओर है और वे मुआवजे की मांग कर रहे हैं।

Categories