राजसमन्द / संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, परिजनों का कलेक्ट्रेट पर हंगामा

राजसमंद:जिले के केलवा गांव की एक विवाहिता की गुजरात के सूरत शहर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद आक्रोशित परिजन व ग्रामीण बड़ी संख्या में शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया।मृतका के भाई विकास कुमार ने बताया कि उनकी बहन दो दिन पूर्व ही राजसमंद से सूरत गई थी। वहां से ससुराल पक्ष ने फोन कर सूचना दी कि विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। साथ ही पोस्टमार्टम के बाद शव को भीलवाड़ा जिले के देवरिया स्थित ससुराल लाए जाने की बात कही गई।परिजनों को घटना पर संदेह होने पर उन्होंने शव को रास्ते में ही रुकवा लिया। मुक्तिधाम ले जाने के दौरान जांच में सामने आया कि मृतका के सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे, जबकि गले पर फांसी के कोई स्पष्ट निशान नहीं पाए गए। इससे परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या की आशंका जताई।घटना से आक्रोशित परिजन व ग्रामीण जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे और जोरदार हंगामा करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने पुनः मुकदमा दर्ज कर मेडिकल बोर्ड से दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग उठाई।गुड फ्राइडे के अवकाश के चलते कलेक्ट्रेट में अधिकारी मौजूद नहीं थे, जिससे आक्रोश और बढ़ गया। बड़ी संख्या में लोग कलेक्ट्रेट परिसर में धरने पर बैठ गए और अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।

 

मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम की मांग

परिजनों ने कहा कि मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए मेडिकल बोर्ड से पुनः पोस्टमार्टम कराया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। केलक्टर परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी के चलते माहौल देर शाम तक तनावपूर्ण बना रहा। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष मानसिंह बाहरठ, पंचायत समिति पूर्व प्रधान अरविंद सिंह राठौड़, समाजसेवी दिनेश बडाला, प्रताप तेली, सहित समाज के कई लोग मौजूद रहे।

Categories