राजस्थान / राजस्थान: प्रचंड गर्मी के बावजूद स्कूलों में 17 मई से ही होंगी गर्मियों की छुट्टियां, आदेश जारी

स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित: राजस्थान शिक्षा निदेशालय (Directorate of Education) ने स्कूली बच्चों की गर्मियों की छुट्टियां (Summer vacations) घोषित कर दी है. प्रचंड गर्मी के बावजूद भी इस बार भी स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश 17 मई से ही शुरू होंगे. इसके आदेश जारी कर दिये गये हैं. प्रदेश में पड़ भीषण गर्मी को देखते हुये अभिभावकों ने मांग की थी बच्चों की छुट्टियां जल्द ही कर दी जाये लेकिन विभाग ने अपने पूर्व निर्धारित कैलेंडर के अनुसार ही अवकाश घोषित किये हैं.

जयपुर. राजस्थान में प्रचंड गर्मी के बावजूद स्कूली बच्चों के लिये गर्मियों की छुट्टियां (Summer vacations) 17 मई से ही होगी. ग्रीष्मकालीन अवकाश 30 जून तक रहेगा. शिक्षा निदेशालय (Directorate of Education) ने इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं. शैक्षणिक सत्र 2021-22 की पहली से चौथी, छठी, सातवीं और नवीं तथा 11वीं के स्टूडेंट्स की वार्षिक परीक्षाओं की शुरुआत 28 अप्रेल से हुई थी. इन परीक्षाओं का समापन 11 मई को होना है. ऐसे में स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे परीक्षा परिणाम 16 मई को घोषित कर दें. वहीं परिजन डिमांड कर रहे हैं कि ग्रीष्मकालीन अवकाश 1 मई से ही घोषित कर दिए जाएं क्योंकि गर्मी का प्रकोप काफी तेज है और बच्चे गर्मी तथा लू की चपेट में आकर बीमार हो रहे हैं.

राजस्थान में गर्मी इस बार लगातार अपने अब तक के सभी रिकार्ड तोड़ रही है. राजस्थान में पड़ रही प्रचंड गर्मी के कारण अधिकतर जिलों में तापमापी पारा 45 डिग्री के पार पहुंचता हुआ नजर आ रहा है. इसके बावजूद शिक्षा विभाग अपने तय कैलेंडेर के तहत ही ग्रीष्मकालीन अवकाश यानि समर ब्रेक दे रहा है. ग्रीष्मकालीन अवकाश से पहले स्कूलों को स्कूल स्तर पर ली गई वार्षिक परीक्षाओं का परिणाम 16 मई तक जारी करना होगा.

अपलोड करना होगा परिणाम
परिणाम जारी करने से पहले स्कूलों को परीक्षा परिणाम की एंट्री विभाग के शाला दर्पण पोर्टल पर करनी होगी. विभाग परिणााम जारी करने से पूर्व पोर्टल के मॉड्यूल को लॉक कर देगा. ऐसे में यदि किसी स्टूडेंट का रिजल्ट पोर्टल के मॉड्यूल पर अपलोड नहीं होता तो इसकी जिम्मेदारी स्कूल प्रशासन की होगी.

अतिरिक्त विषयों में दी जायेगी ग्रेड
अतिरिक्त विषयों जैसे कला शिक्षा, स्वास्थ्य व शारीरिक शिक्षा, जीवन कौशल आदि विषयों में स्टूडेंट्स को वार्षिक परीक्षा तक के कुल 100 अंकों में से प्राप्त प्राप्तांकों के आधार पर ए प्लस से डी तक की ग्रेड दी जाएगी. यदि कोई स्टूडेंट वार्षिक परीक्षा में इन विषयों में अनुपस्थित रहा है लेकिन अन्य विषयों पर पास है तो उस स्टूडेंट को डी श्रेणी मानकर पास कर दिया जाएगा.

जल्द ही घोषित हो अवकाश
अभिभावकों और अभिभावक वेलफेयर परिषद चलाने वाले पदाधिकारियों ने सरकार से मांग की है कि सरकार अपने निर्णय पर पुर्नविचार कर 1 मई से ही ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित करे क्योंकि गर्मी का प्रकोप काफी ज्यादा है और बच्चे बीमार हो रहे हैं. गर्मी के कारण बीमार होने वाले बच्चों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है.

Categories