राजसमन्द / व्यावसायिक उपयोग में लिए जा रहे 17 घरेलू सिलेंडर जब्त
राजसमंद। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, जयपुर द्वारा प्रदत्त निर्देशों की पालना में कार्यालय जिला रसद अधिकारी, राजसमंद द्वारा जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक दुरुपयोग की रोकथाम हेतु सघन कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में अब तक विभिन्न प्रतिष्ठानों पर निरीक्षण एवं कार्रवाई करते हुए कुल 17 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं।जिला रसद अधिकारी विजय सिंह से प्राप्त जानकारी के अनुसार विभागीय टीम द्वारा कई निजी प्रतिष्ठानों एवं रेस्टोरेंट पर कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान इन प्रतिष्ठानों पर 17 घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई अमल में लाई गई।जिला रसद अधिकारी विजय सिंह के निर्देशन में यह कार्यवाही की गई। उन्होंने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक दुरुपयोग, अवैध भंडारण एवं अवैध रिफिलिंग पूर्णतः प्रतिबंधित है तथा ऐसे मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में इस प्रकार की कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी, ताकि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके एवं गैस वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बनी रहे।कार्रवाई के दौरान जिला रसद अधिकारी विजय सिंह के साथ प्रवर्तन अधिकारी लोकेश जोशी एवं रणजीत सिंह उपस्थित रहे। विभाग द्वारा आमजन से भी अपील की गई है कि यदि कहीं घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग की सूचना हो तो तत्काल संबंधित कार्यालय को अवगत कराएं, जिससे आवश्यक कार्रवाई की जा सके.