राजसमन्द / विधानसभा अध्यक्ष डाॅ. जोशी ने वी.सी. के माध्यम से किया महिलाओं से संवाद मातृत्व सुरक्षा अभियान से महिलाओं को निःशुल्क सुलभ हुई चिकित्सकीय सुविधाएं जिला कलक्टर ने अनन्ता चिकित्सालय का किया निरीक्षण, सेवाओं पर जताया संतोष
राजसमन्द 8 मई/विधानसभा अध्यक्ष एवं नाथद्वारा विधायक डॉ सी. पी. जोशी की पहल पर वैश्विक महामारी कोरोना (कोविड - 19) के संक्रमण की रोकथाम के लिये देश भर में लागू किये गए लॉक डाउन के चलते नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रारम्भ किये गए मातृत्व सुरक्षा अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को अनन्ता हॉस्पिटल में जिला कलक्टर अरविंद पोसवाल ने जायजा लिया एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ सी. पी. जोशी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से रुबरु हुए।
काॅन्फ्रेंस में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. जोशी ने पाखण्ड पंचायत की महिलाओं से चर्चा करते हुए उन्हें तथा उपस्थित स्वास्थ्यकर्मियों व चिकित्सकों को संस्थागत प्रसव के लिये आमजन में जनजागरण करने तथा ग्रामीणों से समझाईश कर संस्थागत प्रसव के लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
जिला कलक्टर के अनन्ता चिकित्सालय निरीक्षण के दौरान अनन्ता हॉस्पिटल सोसायटी के रजिस्ट्रार डॉ. नितिन शर्मा ने बताया कि अभियान के अंतर्गत हॉस्पिटल में आने वाली गर्भवती महिलाओं एवं गर्भस्थ शिशु की समस्त आवश्यक जांच निःशुल्क की जा रही है। इस दौरान जिला कलेक्टर ने चिकित्सालय द्वारा उपलब्ध करवायी जा रही व्यवस्थाओं को देखा।
इस दौरान विश्वास संस्थान के निदेशक शेखर कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार को पाखण्ड ग्राम पंचायत की 41 महिलाओं की जांच एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान नाथद्वारा उपखण्ड अधिकारी अभिषेक गोयल, नाथद्वारा नगरपालिका अध्यक्ष मनीष राठी, पार्षद रमेश राठौड़, भरत लोढा, समाजसेवी जिग्नेश लावटी, डॉ. भगवान विश्नोई, ग्राम पंचायत पाखण्ड के सरपंच नाहर सिंह चुण्डावत, विश्वास संस्थान के अशोक त्रिपाठी, दिनेश श्रीमाली, विशाल जोशी, कुशलेश चैधरी, भानु प्रताप सिंह आदि उपस्थित थे ।
जिला कलक्टर ने निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय में उपचार के लिये आयी महिलाओं को पोषण सामग्री के किट भी वितरित किये।