राजसमन्द / प्रधानमंत्री द्वारा NH-89 सहित तीन सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण – सांसद महिमा कुमारी की पहल को मिली सफलता
राजसमंद। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा राजस्थान में कुल ₹403.07 करोड़ की लागत से तीन महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। इन परियोजनाओं में राष्ट्रीय राजमार्ग-89 (अजमेर–नागौर वाया मेड़ता) का लगभग 150 किलोमीटर लंबा खंड भी शामिल है।यह विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि राजसमंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती महिमा कुमारी ने दिनांक 30 जनवरी 2026 को लोकसभा में नियम 377 के अंतर्गत विशेष रूप से NH-89 के उन्नयन और फोरलेन की आवश्यकता का मुद्दा उठाया था। उन्होंने सदन में प्रस्तुत तथ्यों में बताया था कि यह मार्ग अत्यधिक यातायात दबाव झेल रहा है तथा MoRTH के मानकों के अनुसार उन्नयन योग्य है।
प्रधानमंत्री द्वारा किए गए लोकार्पण से अब इस महत्वपूर्ण मार्ग को औपचारिक रूप से नई गति मिली है। यह सड़क पश्चिम एवं मध्य राजस्थान की कनेक्टिविटी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इससे राजसमंद लोकसभा क्षेत्र सहित आसपास के जिलों को बड़ा लाभ मिलेगा। बेहतर सड़क अधोसंरचना से यातायात सुगम होगा, दुर्घटनाओं में कमी आएगी तथा व्यापार, पर्यटन और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।सांसद महिमा कुमारी ने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास हेतु उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा और वे राजसमंद लोकसभा क्षेत्र की आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।