राजसमन्द / नशा मुक्त भारत अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित जागरूकता, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और पुनर्वास पर समन्वित कार्ययोजना के निर्देश

 

राजसमंद। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिला स्तरीय समिति की बैठक बुधवार को जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव (अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश) भारत भूषण पाठक, एसपी ममता गुप्ता, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग उप निदेशक दीपेन्द्र सिंह, आयुक्त बृजेश राय, सीएमएचओ डॉ हेमंत बिंदल, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष कोमल पालीवाल, किशोर न्याय बोर्ड से भावना पालीवाल आदि अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग उप निदेशक दीपेन्द्र सिंह ने बताया कि जिला कलक्टर ने आगामी सावों पर बाल विवाह पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि सभी उपखंड अधिकारी बाल विवाह कए मामलों पर व्यक्तिगत निगाह रखें, साथ ही टेंट, केटरिंग आदि से संबंधित व्यवसाइयों से भी चर्चा की। इस दौरान वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण से संबंधित लंबित प्रकरणों के निस्तारण के निर्देश दिए। बैठक में जिले में संचालित अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु विभिन्न विभागों को समन्वित एवं प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए गए।बैठक में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत अब तक आयोजित गतिविधियों, जागरूकता कार्यक्रमों एवं प्राप्त प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई। स्कूल एवं कॉलेज परिसरों के 100 मीटर दायरे में सिगरेट एवं तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित कराने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए तथा नियमित निरीक्षण और प्रवर्तन कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।जिले में नशे के विरुद्ध व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने, शैक्षणिक संस्थानों, पंचायत स्तर तथा शहरी क्षेत्रों में रैलियां, कार्यशालाएं एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नशे से ग्रसित व्यक्तियों का चिन्हांकन कर उनके पुनर्वास हेतु स्वास्थ्य विभाग एवं संबंधित संस्थाओं के समन्वय से आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग द्वारा की गई कार्यवाही की जानकारी प्रस्तुत की। अध्यक्ष की अनुमति से अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। नवजीवन योजना की समीक्षा कर भी दिशा-निर्देश दिए।

 

Categories