राजसमन्द / लॉकडाउन में कोई भूखा नहीं रहेगा आर्थिक सम्बल के साथ डोर-टू-डोर डिलिवर हो रही है खाद्यान्न सामग्री - पोसवाल
जिला कलक्टर अरविन्द कुमार पोसवाल ने जिले के सभी लोगों का आह्वान किया है कि वे अपने तथा अपने परिजनों की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए अपने घरों में ही रहें। खाद्यान्न सामग्री सहित राशन डोर-टू-डोर वितरण किया जा रहा है। पंजीकृत श्रमिक परिवार, विविध पेंशनधारी, पालनहार सहित ठेला श्रमिक जो कि गरीब, असहाय व पंजीकृत नहीं हैं, उन्हें आर्थिक सम्बल प्रदान करने के लिए सीधे ही उनके बैंक खातों में सहायता राशि प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की टीम पूरी मुस्तैदी से हरसंभव मदद कर रही है।
जिले में चल रहे सहायता कार्यक्रम
जिला कलक्टर ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा जिले के ऎसे 47283 श्रमिक परिवार जो बीपीएल, स्टेट बीपीएल, अन्त्योदय, पंजीकृत निर्माण श्रमिक जिनको सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ प्राप्त नहीं हो रहा है, उनको 2500 रूपये की सहायता राशि सीधे ही उनके बैंक खातों में भिजवा दी गयी है। इसके अलावा 3824 ऎसे परिवार जो ठेला श्रमिक, गरीब एवं असहाय है उन्हें भी 2500 रुपये की राशि देकर उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान की है।
उन्होंने बताया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत जिले में वर्तमान में 191233 पेंशनर्स विविध पेंशन योजनाओं यथा वृद्वावस्था, विधवा, विशेष योग्यजन पेंशन का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। कोरोना वैश्विक महामारी के मद्देनजर राज्य सरकार द्वारा प्राप्त माह फरवरी व मार्च 2020 का भुगतान समस्त पेंशनर्स के बैक खातों में करा दिया गया है।
इसी तरह सामाजिक न्याय व अधिकारिता विभाग ओर से पालनहार योजना के तहत जिले के 6827 पालनहारों के 11528 बालकों के मार्च, 2020 तक का भुगतान उनके बैंक खाते में करने के लिए राशि स्वीकृत कर बैंक भिजवा दिये गये हैं। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत जिले में विभाग द्वारा 4 करोड 15 लाख 24 हजार रू व्यय किये गए हैं।
जिला कलक्टर ने बताया कि महामारी से उत्पन्न परिस्थितियों के मद्देनजर जिले के खाद्य सुरक्षा योजना अन्तर्गत चयनित अन्त्योदय, बीपीएल, स्टेट बीपीएल एवं एपीएल से चयनित 2,23,267 परिवारों को माह अप्रेल, 2020 में 4561.783 मैट्रिक टन गेंहूं का आवंटन किया गया था, जिसका चयनित उपभोक्ताओं में प्रशासन द्वारा उपलब्ध करवाये गये वाहनों से वितरण डोर-स्टेप डिलेवरी द्वारा करवाया जा रहा है। अब तक डोर-स्टेप-डिलेवरी के माध्यम से 3960.532 मैट्रिक टन गेंहूँ का वितरण किया गया है जो आवंटित मात्र का 86.81 प्रतिशत है और शेष का वितरण में जारी है। इसी प्रकार माह अप्रेल, 2020 भारत सरकार से प्राप्त अतिरिक्त गेंहूँ का भी प्रशासन द्वारा उपलब्ध करवाए गये वाहनों से राज्य कर्मचारी की मौजूदगी में वितरण डोर-स्टेप डिलेवरी द्वारा 15 अप्रैल से किया जाएगा। इसके अन्तर्गत भी खाद्य सुरक्षा योजना अन्तर्गत चयनित अन्त्योदय, बीपीएल, स्टेट बीपीएल एवं एपीएल से चयनित परिवारों को उपलब्ध करवाया जायेगा। यह गेंहूँ उपभोक्ताओं को 5 किलो प्रति यूनिट निःशुल्क उपलब्ध करवाया जाएगा