राजसमन्द / राजसमंद के सेंगणवास में पानी को लेकर हंगामा, एक हैंडपंप पर भिड़ीं महिलाएं — कलेक्ट्री पहुंचा दल

 

राजसमंद | आमेट

राजसमंद जिले की आमेट पंचायत समिति की दोवड़ा ग्राम पंचायत के सेंगणवास गांव से पेयजल संकट की गंभीर तस्वीर सामने आई है। गांव में पीने के पानी को लेकर महिलाओं के बीच हुए झगड़े का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दर्जनों महिलाएं एकमात्र चालू हैंडपंप पर पानी भरने के दौरान आपस में बहस और हाथापाई करती नजर आ रही हैं।

ग्रामीण महिलाओं का आरोप है कि गांव में कुल 15 हैंडपंप लगे हुए हैं, लेकिन उनमें से 14 लंबे समय से खराब पड़े हैं। केवल एक हैंडपंप चालू होने के कारण रोजाना पानी भरने को लेकर विवाद की स्थिति बन जाती है। महिलाओं का कहना है कि कई बार यह विवाद मारपीट तक पहुंच जाता है, जिससे गांव का आपसी सौहार्द भी प्रभावित हो रहा है।

2 किलोमीटर दूर जाना पड़ता है पानी के लिए

महिलाओं ने बताया कि पर्याप्त पानी नहीं मिलने पर उन्हें करीब 2 किलोमीटर दूर हाईवे तक पानी भरने जाना पड़ता है। इस दौरान छेड़छाड़, लूटपाट और जंगली जानवरों के हमले का भी डर बना रहता है। ग्रामीणों के अनुसार, इस समस्या को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

कलेक्टर कार्यालय पहुंचा महिलाओं का दल

लगातार हो रहे विवाद और जल संकट से परेशान होकर महिलाओं का एक दल सोमवार को राजसमंद कलेक्टर कार्यालय पहुंचा और जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द पेयजल समस्या के समाधान की मांग की। दल में शामिल बुजुर्ग महिलाओं ने बताया कि आजादी के बाद से गांव में पेयजल की स्थायी व्यवस्था नहीं हो पाई है और आज भी महिलाएं मूलभूत सुविधा के लिए संघर्ष कर रही हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से खराब पड़े हैंडपंपों को शीघ्र दुरुस्त कराने और गांव में स्थायी जलापूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कितनी जल्द कार्रवाई करता है।

Categories