राजसमंद, 25 अक्टूबर। जिले में 9 माह से 5 वर्ष तक के संभावित 1 लाख 28 हजार 222 बच्चो को विटामिन ए की दवा आगामी 30 अक्टूबर से 30 नवम्बर तक पिलाई जायेगी। विटामिन ए की दवा सभी आंगनबाड़ी केन्द्रो, सभी राजकीय चिकित्सा संस्थानो एवं ऐसे निजी चिकित्सा संस्थान जहां टीकाकरण होता है पिलाई जायेगी। यह अभियान महिला एवं बाल विकास विभाग एवं चिकित्सा विभाग के संयुक्त रूप से संचालित किया जायेगा। यह जानकारी सीएमएचओ डॉ प्रकाश चन्द्र शर्मा ने दी।
उन्होंने बताया की विटामिन ए की कमी के कारण बच्चो में रतौंधी, आंखो की रोशनी कम होना, त्वचा सम्बन्धी रोग तथा थकावट होती है जिसके कारण बच्चो का विकास रूक जाता है। इसलिये विटामिन ए की खुराक बच्चो के लिये आवश्यक है। साल में दो बार यह अभियान संचालित किया जाता है जिससे बच्चो में विटामिन ए की कमी को पूरा किया जा सके।
कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी डॉ ताराचंद गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम के तहत आंगनबाड़ी केन्द्र की परिधी में आशा सहयोगिनी द्वारा जहां आशा सहयोगिनी का पद रिक्त वहां आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा तथा जहां दोनो के ही पद रिक्त है वहां निकट के उपस्वास्थ्य केन्द्र पर कार्यरत महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता द्वारा विटामिन ए की खुराक बच्चो को दी जायेगी।
उन्होंने बताया की जिले में सैक्टर स्तर पर सभी आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता को इस अभियान के बारें में विस्तार से आमुखीकरण किया जा रहा है तथा सभी चिकित्सा संस्थानो एवं आंगनबाड़ी केन्द्रो तक पर्याप्त मात्रा में विटामिन ए सीरप की आपुर्ति की जा रही है। कार्यक्रम के मोनिटरिंग के लिये आईसीडीएस विभाग एवं चिकित्सा विभाग के जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी नियमित रूप से गांवो में दौरे कर अभियान की सफलता को सुनिश्चित करेंगे। अभियान में शामिल किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने वाले अधिकारी कर्मचारी के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जायेगी।

